
Akshay Kumar Jha
Ranchi: ईडी ने दावा किया है कि झारखंड के खनन घोटाले से भी बड़ा घोटाला छत्तीसगढ़ के शराब कारोबार में हुआ है. छत्तीसगढ़ के शराब कारोबार के किंगपिंग कहे जाने वाले अनवर ढेबर को ईडी ने शुक्रवार को देर रात राजधानी रायपुर स्थित होटल ग्रैंड इंपीरिया से गिरफ्तार किया है. होटल के कमरे से दो डोंगल, दो आईफोन और एक सामान्य फोन बरामद हुआ है. इसके सिम बेनामी हैं. अनवर ढेबर वहां बिना किसी आईडी प्रुफ के रह रहा था. ढेबर को पकड़ने के लिए ईडी ने कई बार छत्तीसगढ़ के कई ठिकानों पर छापेमारी की, लेकिन बार-बार वो फरार होने में कामयाब हो जा रहा था. ईडी ने यह भी दावा किया है कि छत्तीसगढ़ के शराब व्यापार में करीब 2000 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है. जो कि झारखंड के खनन घोटाले से बड़ा है. झारखंड का खनन घोटाला अनुमानित करीब 1000 करोड़ का है.
छत्तीसगढ़ शराब कारोबार के तार जुड़े झारखंड से
अनवर ढेबर और छत्तीसगढ़ स्टेट बिवरेज कॉरपरेशन लिमिटेड (सीएसबीसीएल) का झारखंड के शराब कारोबार से काफी गहरा संबंध है. यहां यह जानना जरूरी है कि छत्तीसगढ़ स्टेट बिवरेज कॉरपोरेशन लिमिटेड यानी सीएसबीसीएल ने ही झारखंड की शराब नीति तैयार की थी. शराब नीति तैयार करने के एवज में झारखंड सरकार की तरफ से सीएसबीसीएल को एक करोड़ की राशि दी गयी थी. ईडी छत्तीसगढ़ उत्पाद विभाग के विशेष सचिव एपी त्रिपाठी से भी मामले में पूछताछ कर चुकी है. एपी त्रिपाठी को शराब शराब नीति तैयार करने का भी मास्टरमाइंड समझा जा रहा है. बताया जा रहा है कि सीएसबीसीएल के मौखिक रूप से सर्वेसर्वा एपी त्रिपाठी ही हुआ करते हैं. वित्त वर्ष खत्म होने के बाद देखा जा रहा है कि झारखंड में सीएसबीसीएल की शराब नीति फेल हो चुकी है. उत्पाद विभाग की तरफ से आईवॉश के लिए खुदरा शराब बेचने वाली एजेंसियों पर कार्रवाई की गयी है. लेकिन माना जा रहा है कि जो घोटाला होना था, वो हो चुका है. ईडी झारखंड और छत्तीसगढ़ के शराब कारोबार को एक सिंडीकेट की तरह काम करते हुए देख रहा है. मामले को लेकर झारखंड के उत्पद सचिव विनय चौबे और कमिश्नर करण सत्यार्थी से ईडी ने रायपुर में पूछताछ किया है.
ऐसे किया उत्पाद विभाग ने कार्रवाई के नाम पर आई वॉश
झारखंड में उत्पद विभाग ने 2500 करोड़ का लक्ष्य रखा था. लेकिन शराब नीति के तहत देर से काम शुरू होने की वजह से इसे घटा कर 2310 कर दिया गया. फिर भी उत्पद विभाग ने इसे पूरा नहीं किया. विभाग सरकार के खाते में सिर्फ 2054 करोड़ ही डाल सकी. ऐसा होने के बाद झारखंड उत्पद विभाग की तरफ से चारों मैनपावर सप्लाई करने वाली कंपियों सुमित फैसिलिटी, ए-टू जेड इंफ्रास्ट्रक्चर, ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड और प्राइम वन कंपनी से शर्त के मुताबिक 44 करोड़ की बैंक गारंटी जब्त की गयी है. इसके अलावा बाजार में थोक शराब का काम देखने वाली दो कंपनियों की 36 करोड़ की बैंक गारंटी जब्त की गयी है.
जेएसबीसीएल को नहीं मिल रहा करोड़ों का हिसाब
पूरी तरह से फेल हो चुकी शराब नीति पर ऊंगली ना उठे इसके लिए उत्पाद विभाग की तरफ से एक बार फिर से अब खुदरा शराब बेचने का काम जेएसबीसीएल को दे दिया गया है. लेकिन जेएसबीसीएल इस काम को कर पाने में असमर्थ है. क्योंकि एजेंसी के एक कर्मी पर करीब 30 खुदरा दुकानों का बोझ है. इस एक कर्मी पर दुकान चलाने के साथ हिसाब मिलान और तमाम तरह के काम का बोझ है. जिसे कर पाना संभव नहीं. वहीं देखा जा रहा है कि कई खुदरा दुकानों में जिसे मैनपावर सप्लाई करने वाली एजेंसी चला रही थी, वहां करोड़ों के हिसाब नहीं मिल रहे हैं. कुछ दुकानों में जब जेएसबीसीएल का कर्मी हिसाब लेने पहुंचा तो कर्मी दुकान छोड़ कर भाग गए. बताया जा रहा है कि एक-एक दुकान में करोड़ों के हिसाब गायब हैं. जिसका सीधा असर उत्पाद विभाग के राजस्व पर पड़ेगा. क्योंकि शराब बेचने वाले भले ही एजेंसी के कर्मी थे. लेकिन शराब नीति के मुताबिक खुदरा दुकान में उपलब्ध शराब उत्पाद विभाग यानी सरकार की है.




