
Ranchi: राजधानी में होनेवाले मैं हूं चौकीदार कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन चौकसी बरत रहा है. 31 मार्च, रविवार को शाम पांच बजे होनेवाले कार्यक्रम में आयोजनकर्ताओं की तरफ से स्थान का जिक्र नहीं किया गया है. जिला निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त राय महिमापत रे ने इसको लेकर सदर अनुमंडल अधिकारी समेत अन्य सेक्टोरल मैजिस्ट्रेट को आवश्यक निर्देश दिये गये हैं. बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के बैनर तले आयोजित किया जायेगा, जिसमें भीड़ उमड़ने की संभावना है. इससे जिला प्रशासन को भीड़ को नियंत्रित करने में दिक्कतें भी हो सकती हैं. इस संबंध में सदर अनुमंडल अधिकारी गरिमा सिंह ने सभी सेक्टोरल मैजिस्ट्रेट और अन्य अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे संबंधित जगहों पर महाजुटान को रोकने के लिए राष्ट्रीय स्वयं सेवक के पदधारियों से बात करें और उन्हें आचार संहिता उल्लंघन और निषेधाज्ञा के टूटने की जानकारी दें. कई सेक्टोरल मैजिस्ट्रेट ने इस संबंध में आरएसएस के निवारणपुर स्थित कार्यालय और वरिष्ठ पदधारियों को इसकी जानकारी भी दे दी है.
इसे भी पढ़ें – भारत ने गलती से अपने ही हेलिकॉप्टर को मार गिराया था?
क्या है मामला
शहर भर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मैं हूं चौकीदार कार्यक्रम को लेकर होर्डिंग्स लगाये गये हैं. देश भर में यह कार्यक्रम आयोजित किया गया है. यह कार्यक्रम रांची में शाम पांच बजे होगा. इसमें प्रधानमंत्री लोगों से सीधा संवाद स्थापित करेंगे. रांची में भी आयोजित होनेवाले कार्यक्रम में सिर्फ तिथि और समय की जानकारी दी गयी है. जिला निर्वाची पदाधिकारी का कहना है कि होर्डिंग्स लगाने के लिए सदर अनुमंडल पदाधिकारी से अनुमति ली गयी है. पर मैं हूं चौकीदार कार्यक्रम के आयोजन स्थल को लेकर किसी तरह की सूचना जिला प्रशासन को नहीं दी गयी है. आयोजकों की जानकारी भी जिला प्रशासन को नहीं दी गयी है.
इसे भी पढ़ें – गढ़वा : जेजेएमपी के एरिया कमांडर समेत दो उग्रवादी गिरफ्तार, गोलियां और 62 पर्चे बरामद



