
Ranchi : जामताड़ा में भीषण रेल हादसा हुआ है. प्राप्त जानकारी के अनुसार जामताड़ा-करमाटांड़ के कलझारिया के पास ट्रेन से कट कर करीब 12 लोगों की मौत हो गयी है. वहीं कुछ लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की भी सूचना है. घटना के बारे में बताया जाता है कि एक एक्सप्रेस रेलगाड़ी ट्रैक पर खड़ी थी. जिस वजह से यात्री सभी नीचे आ गए थे और इसी बीच लोकल ट्रेन आ गई और इसकी चपेट में यात्री आ गए. अभी तक तीन लाश ट्रैक पर मिली है. घटना की सूचना मिलने पर हजारों की संख्या में लोग घटनास्थल पर मौजूद हैं. अंधेरा होने की वजह से मृतकों की गिनती नहीं हो पा रही है. मौके पर रेलवे प्रशासन, पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौजूद है. घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है. राहत कार्य जारी है.
शाम 7:30 के करीब की घटना
घटना शाम 7.30 बजे के करीब की है. कहा जा रहा है कि 50 से अधिक लोग ट्रेन की चपेट में आए हैं, मृतकों की संख्या बढ़ भी सकती है. अंधेरे की वजह से अभी सही आंकड़ा इसका नहीं आ सका है. प्रशासन मुस्तैदी से राहत कार्यों में जुट गया है.
लोगों की पहचान की जा रही
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान की जा रही है. अबतक दो मृतकों की पहचान कर ली गई है. एक का नाम मनीष कुमार बताया जा रहा है, जिसका आधार कार्ड रेलवे ट्रैक पर पाया गया है. मनीष कुमार के पिता तेज नारायण मंडल हैं, जो सासाराम भंगहा कटिहार बिहार के रहने वाले हैं, जबकि दूसरे का नाम सिकंदर कुमार, पिता का नाम आदिकाल यादव है, जो धपरी झाझा जमुई का रहनेवाला है.
कैसे हुआ हादसा
प्राप्त जानकारी के अनुसार बेंगलुरु यशवंतपुर एक्सप्रेस में आग लगने की सूचना मिलने पर ट्रेन को अचानक रोक दिया गया. रेलवे ट्रैक के किनारे गिट्टी होने के कारण ये परिस्थिति उत्पन्न हुई. आग लगने की सूचना पर यात्रियों में हड़कंप मच गई. यात्री ट्रेन से बाहर ट्रैक पर आ गये. इसी बीच डाउन लाइन से झाझा आसनसोल मेमू एकस्प्रेस गुजरी जो यात्रियों को कुचलते हुए पार हो गई.
जामताड़ा के एसडीएम अनंत कुमार ने कहा कि दो शव बरामद कर लिए गए हैं. हमने रेलवे से एक हेल्पलाइन नंबर जारी करने का अनुरोध किया है. जांच के बाद घटना का कारण पता चलेगा.
स्टेशन मैनेजर ने बताया कि अब तक रेलवे की टीम ने तीन डेड बॉडी देखी है. अंधेरे के कारण रेस्क्यू मे परेशानी आ रही है. घायलों की संख्या और भी बढ़ सकती है.
पीएम ने शोक जताया
पीएम नरेंद्र मोदी ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के जामताड़ा की खबर सुनकर पीड़ा हुई है. जिन लोगों ने अपनों को खोया है उनके प्रति संवेदना है. घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य होने की कामना है.
सीएम ने संवेदना जताई
सीएम चंपाई सोरेन ने घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि कालझरिया में हुई रेल दुर्घटना से व्यथित हूं. ईश्वर दिवगंत आत्माओं को शांति दें. रेलवे और प्रशासन की टीम रेस्क्यू में लगी है. दुर्घटना में घायल लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं.
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जामताड़ा सिविल सर्जन को दिया निर्देशजा
स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री बन्ना गुप्ता ने जामताड़ा उपायुक्त को निर्देश दिया गया है कि राहत और बचाव कार्य जारी रखें. साथ ही उन्होंने सिविल सर्जन जामताड़ा को घायलों के उचित इलाज के लिए अस्पतालों में व्यवस्था सुदृढ़ करने को कहा है. उन्होंने निर्देश दिया कि घायलों की बेहतर इलाज की व्यवस्था हो, इलाज में कोई कोताही नहीं बरती जाए.
रेलवे का बयान
विद्यासागर कासितार से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 12254 से कम से कम 2 किमी दूर ट्रैक पर चल रहे दो व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गए. आग लगने की कोई घटना नहीं हुई है. फिलहाल दो मौतों की पुष्टि हो चुकी है. मृतक यात्री नहीं थे बल्कि ट्रैक पर चल रहे थे. मामले की जांच के लिए 3 सदस्यीय जेएजी समिति का गठन किया गया है.
कौशिक मित्रा, सीपीआरओ, पूर्वी रेलवे
इसे भी पढ़ें:पूर्व सीएम हेमंत सोरेन को बजट सत्र में शामिल होने की हाइकोर्ट से नहीं मिली अनुमति






