
Ranchi : मंगलवार को रांची रेल मंडल की महिला हॉकी ओलंपियन सलीमा टेटे को रांची रेलवे में OSD-II (Sports) बनाया गया. अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) एमएम पंडित तथा अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) सतीश कुमार की उपस्थिति में उन्होंने पदभार ग्रहण किया. गौरतलब है कि जीएम (दक्षिण पूर्व रेलवे, गार्डन रिच, कोलकाता) अर्चना जोशी के अनुमोदन पर रांची रेल मंडल की सलीमा को आउट ऑफ टर्न प्रमोशन देते हुए इस पद पर नियुक्त किया गया है. अब वे रेलवे में ग्रुप “B” अधिकारी के पद पर काम करेंगी. मौके पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सह मंडल क्रीडा अधिकारी अवनीश, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी माणिक शंकर, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता एस उरांव, दक्षिण पूर्व रेलवे खेल संघ, रांची के समन्वयक प्रशांत मुखर्जी भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – व्यवसायी से 2 करोड़ रंगदारी मांगनेवाला पीएलएफआइ नक्सली खूंटी से गिरफ्तार
पूर्व में थीं टीई
इससे पहले सलीमा टेटे रांची रेल मंडल में टीई ( टिकट निरीक्षक ) के पद पर कार्यरत थीं. सलीमा ने टोक्यो ओलंपिक 2020 में भारत का प्रतिनिधित्व किया है. साथ ही 7वीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल वुमेन हॉकी चैंपियनशिप 2017, 8वीं हॉकी इंडिया जूनियर नेशनल वुमेन हॉकी चैंपियनशिप 2018, यूथ ओलिंपिक 2019, बैंकॉक, अंडर-23, छठा राष्ट्रीय आमंत्रण टूर्नामेंट 2018, बेल्जियम में भी भारत का प्रतिनिधित्व किया है. 06 नवंबर, 2019 को रांची रेल मंडल के वाणिज्य विभाग में सलीमा को नियुक्ति मिली थी.
इसे भी पढ़ें – ऐसा भी क्या गुस्सा : नशे में दोस्त ने बाइक से गिरा दिया तो जान ही ले ली



