
Chakradharpur : रेल मंडल प्रबंधक कार्यालय में बुधवार को हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया. इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक विजय कुमार साहू ने सभी रेल अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राजभाषा के व्यापक प्रयोग-प्रसार के संकल्प के रूप में ‘राजभाषा प्रतिज्ञा’ दिलाया.साथ ही मंडल रेल प्रबंधक ने भारत सरकार के रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हिंदी दिवस 2022 पर दिये गए संदेश को पढ़कर सुनाया. जिसमें भारतीय संस्कृति और विरासत पर गर्व करने, एकता और एकजुटता की शक्ति , एक भारत श्रेष्ठ भारत, अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण तथा पूरे उत्साह, लगन और गर्व के साथ हिंदी में ईमानदारी से कार्य करने की बातें कही गई हैं.इस दौरान सभी ने राजभाषा हिंदी के संवर्द्धन के प्रति सदैव ऊर्जावान और निरंतर प्रयासरत रहने का संकल्प लिया. इस कार्यक्रम के आयोजन में वरिष्ठ राजभाषा अधिकारी सुनील कुमार सिन्हा, चक्रधरपुर के प्रसिद्ध साहित्यकार एवं अनुवादक रणविजय कुमार, राजभाषा विभाग में कार्यरत रीता कायम, सुनील तिर्की, बिनोद कुमार का सराहनीय योगदान रहा. इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक विनय कुजूर, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके मिश्रा, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीरंगम हरितस सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.





