JharkhandRanchi

मॉब लिंचिंगः एकरा मस्जिद के सामने घटी घटना के मामले में सरकार की ओर से जवाब नहीं दिये जाने पर हाइकोर्ट ने जतायी कड़ी नाराजगी

Ranchi: झारखंड हाइकोर्ट ने मॉब लिंचिंग को लेकर बुधवार को सख्‍त तेवर दिखाये. रांची में 5 जुलाई को मेन रोड स्थित एकरा मस्जिद के सामने हुई घटना के मामले में सरकार की ओर से जवाब नहीं दिये जाने पर हाइकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जाहिर की. बुधवार को मॉब लिंचिंग को लेकर हाइकोर्ट में दाखिल जनहित याचिका पर सुनवाई हुई. सरकार की ओर से बताया गया कि सरायकेला वाले मामले में एसडीएम की रिपोर्ट पर कार्रवाई की जा रही है. वहीं 5 जुलाई के डोरंडा में हुए उपद्रव में न्याय सभा आयोजित करनेवाले कई लोगों के खिलाफ 307 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गयी. कोर्ट ने इस बात से नाराजगी जतायी कि 5 जुलाई को एकरा मस्जिद के पास हुई घटना पर जवाब क्यों नहीं दिया गया है. अदालत ने 31 जुलाई तक एकरा मस्जिद के सामने घटी घटना की जानकारी मांगी है.

इसे भी पढ़ें – गडकरी जी, अच्छी सड़क के लिये तिहरा टैक्स तो ठीक पर आपके टोल वाले लूट रहे हैं पब्लिक को

सरायकेला कांड और रांची में हुए हंगामे पर सरकार से मांगी थी विस्तृत रिपोर्ट

झारखंड हाइकोर्ट ने मॉब लिंचिंग पर 8 जुलाई को सख्‍त तेवर दिखाये थे. मामले की सुनवाई के क्रम में सख्‍त रुख दिखाते हुए अदालत ने सरकार से जवाब तलब किया है. अदालत ने सरायकेला में तबरेज अंसारी की मौत के मामले में सरकार से इस घटना का विस्तृत ब्‍योरा मांगा था. हाइकोर्ट ने रांची के राजेन्द्र चौक पर युवकों को चाकू मारे जाने और गाड़ियों में तोड़-फोड़ किये जाने की घटना को गंभीर माना है. इस घटना की भी जानकारी सरकार से मांगी गयी थी. इस मामले की अगली सुनवाई 17 जुलाई तय की गयी थी.

चोरी के आरोप में हुई थी पिटाई, बाद में हो गयी थी तबरेज की मौत

सरायकेला थाना क्षेत्र के कदमडीह गांव निवासी तबरेज अंसारी ने अपने दो साथियों नुमैर अली और शेख इरफान के साथ 17-18 जून की देर रात मुरमू गांव में चोरी की. इसके बाद तीनों धातकीडीह गांव पहुंचे. वहां कमल महतो के घर में रात ढाई बजे के करीब चोरी का प्रयास करने लगे. इस बीच घरवाले जाग गये और उन्होंने तबरेज को पकड़ लिया. नुमैर अली और शेख इरफान भागने में सफल रहे. ग्रामीणों ने तबरेज की पिटाई की और सुबह पांच बजे थाना को इसकी सूचना दी. इसके बाद पुलिस धातकीडीह गांव पहुंची और तबरेज को बचाया. पुलिस ने मौके से चोरी की बाइक, मोबाइल और बटुआ भी बरामद किया. इसके बाद धातकडीह के ग्रामीणों की शिकायत पर तबरेज अंसारी, नुमैर अली और शेख इरफान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी. तबरेज को इलाज के लिए सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. इलाज के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. 22 जून को जेल में तबरेज अंसारी बीमार हो गया. उसे सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया था.

इसे भी पढ़ें – मॉब लिंचिंग: हाइकोर्ट में गलत तथ्य देकर राज्य सरकार ने मामला कराया बंद

मॉब लिंचिंग के विरोध में निकाला गया था जुलूस और वाहनों में की गयी थी तोड़फोड़

राज्य में बढ़ती मॉब लिंचिंग की घटनाओं पर रोक एवं तबरेज अंसारी के परिवार को न्यान दिलाने को लेकर मुत्ताहिदा मुस्लिम महाज के बैनर तले शुक्रवार को 3 बजे उर्स मैदान डोरंडा में जनाक्रोश सभा में शामिल होने मुस्लिम समुदाय के हजारों की संख्या में लोग जमा हुए थे. जिसके बाद लोग राजेन्द्र चौक से फिरायालाल तक जुलूस की शक्ल में निकल पड़े, लेकिन सुजाता चौक के पास सभी लोगों को पुलिस प्रशासन के द्वारा रोक दिया गया. लोगों को वापस लौटना पड़ा. एसडीओ से मुत्ताहिदा मुस्लिम महाज के बैनर तले उर्स मैदान डोरंडा में जनाक्रोश सभा करने की अनुमति मांगी गयी थी, लेकिन शहर में जुलूस निकाला गया, जिससे पूरे शहर में जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. घंटों तक सड़कों पर गाड़ियां रेंगती रहीं. लोग जाम में फंसे रहे. इस दौरान जुलूस में शामिल लोगों के द्वारा डोरंडा राजेंद्र चौक के गुजर रही कॉलेज की बस में तोड़फोड़ भी किया गया था. जिससे कई छात्रों को चोट लगी थी. वहीं शुक्रवार की शाम मेन रोड में तीन युवकों की पिटाई के विरोध में सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन कर रहे एक समुदाय के लोगों के द्वारा इंद्रपुरी के रहनेवाले विवेक श्रीवास्तव को जहां चाकू मार कर घायल कर दिया गया था, वहीं उसके भाई चंदन की भी पिटाई की थी.

इसे भी पढ़ें – पाकिस्तानः भारत में 26/11 समेत कई आतंकी हमलों का मास्टर माइंड हाफिज सईद गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button