JharkhandLead NewsPalamu

Palamu : बर्ड फ्लू की आशंका के कारण ब्रायलर चिकन के दाम में गिरावट, 25 प्रतिशत ही हुई बिक्री, रेहला में मृत मिला कौआ

Palamu : देश के कई बड़े राज्यों में बर्ड फ्लू के कारण हर दिन बड़ी संख्या में पक्षियों की मौत हो रही है. इसका असर पलामू जिले में भी दिखने लगा है. ब्रायलर चिकन के कारोबार पर बुरा असर पड़ता दिख रहा है. खरीदारी नहीं होने के कारण इसके दाम जहां लगातार गिर रहे हैं.

बर्ड फ्लू को देखते हुए झारखंड में विभाग अलर्ट है. राज्य के कई जिलों में पक्षियों की मौत हुई है. पलामू जिले के रेहला में सोमवार को एक पक्षी को मृत पाया गया. इसे लेकर सनसनी है. हालांकि अबतक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसकी मौत बर्ड फ्लू से हुई है या फिर अन्य कारण से.

इस बीच इस बीमारी का असर बाजारों पर दिख रहा है. दाम में जहां गिरावट दर्ज की गयी है, वहीं बिक्री 25 प्रतिशत तक पहुंच गयी है, लेकिन यह सिर्फ ब्रायलर मुर्गा में ही देखने को मिल रहा है. देसी एवं क्वायलर मुर्गा के दाम में कोई गिरावट नहीं आयी है.

स्थानीय बड़ा तालाब स्थित मुर्गा व्यवसायी शाबान शाह ने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका के कारण बिक्री में गिरावट आयी है. उन्होंने कहा कि एक सप्ताह पहले तक 2.5 से 3 क्विंटल तक बिक्री होती थी, लेकिन अभी 50 किलो तक ही बिक्री हो रही है. वहीं 30-40 रुपये की गिरावट आयी है. 130-140 रुपये किलो की बिक्री दर 100-110 तक पहुंच गयी है.

विष्णु मंदिर स्थित मो. शमशेर खान ने बताया कि बर्ड फ्लू एक अफवाह है. प्रत्येक वर्ष ऐसी अफवाह उड़ती है और मार्केट में मुर्गा के दामों में उतार-चढ़ाव होता है. ग्राहक इस अफवाह के कारण चिकन नहीं ले रहे हैं. कारोबार पर असर पड़ा है. केवल ब्रायलर मुर्गा पर ही ऐसी स्थिति बनी हुई है.

इसे भी पढ़ें : कोरोना के खिलाफ जंग का आगाज 16 से, 200 रुपये होगी एक डोज की कीमत

बर्ड फ्लू को लेकर रहें सतर्क, पॉल्ट्री फार्म की करायें जांच: उपायुक्त

देश भर में फैल रहे बर्ड फ्लू को लेकर पलामू के उपायुक्त शशि रंजन ने भी पदाधिकारियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है. उन्होंने जिले में अवस्थित सभी पोल्ट्री फॉर्म की जांच कराने का निर्देश जिला पशुपालन पदाधिकारी को दिया है.

जिला पशुपालन पदाधिकारी ने बताया कि बर्ड फ्लू की आशंका को लेकर जिले के विभिन्न पोल्ट्री फार्म से सैंपल लिये जा रहे हैं और उसे जांच के लिए भेजा जा रहा है. अभी तक बर्ड फ्लू की पुष्टि नहीं हुई है.

इसे भी पढ़ें : नीति आयोग की रैकिंग में लगातार पिछड़ रहा पलामू, डाटा उपलब्ध नहीं होने के कारण बनी स्थिति 

Related Articles

Back to top button