
Giridih : बेंगाबाद थाना पुलिस ने बाइक चुराने के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके पास से चोरी की छह बाइक्स भी बरामद की हैं.
गिरफ्तार आरोपियों में बेंगाबाद के लुप्पी गांव निवासी मो मुस्तकीम अंसारी और मो तबारक के अलावा गांडेय के फूलजोरी गांव निवासी रजाउल अंसारी शामिल हैं. इनकी गिरफ्तारी दो दिनों पहले ही हुई है, लेकिन एसडीपीओ अनिल सिंह और थाना प्रभारी श्रीकांत ओझा ने इसकी जानकारी सोमवार को प्रेसवार्ता में दी.
एसडीपीओ और बेंगाबाद थाना प्रभारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पहले रजाउल अंसारी को दबोचा. उसकी निशानदेही पर बेंगाबाद के बेलडीह गांव से दो बाइक्स बरामद की गयीं.
जबकि, बेंगाबाद के लुप्पी से चार बाइक्स बरामद की गयीं. रजाउल की ही निशानदेही पर लुप्पी गांव के मुस्तकीम और तबारक को भी दबोचा गया.
इसे भी पढ़ें : कोरोना के खिलाफ जंग का आगाज 16 से, 200 रुपये होगी एक डोज की कीमत
अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं तीनों : पुलिस
प्रेसवार्ता के दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपी अंतरराज्यीय बाइक चोर गिरोह के सदस्य हैं. इनका संपर्क बिहार के जमुई जिला के गिरोह से है. बताया जा रहा है कि जमुई के मंसूर नामक अपराधी से इन तीनों का कनेक्शन है.
मंसूर के इशारे पर ही तीनों आरोपी बाइक चोरी करने से पहले स्थान की रेकी करते थे. इसके बाद तीनों मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देते थे.
पुलिस के मुताबिक, मंसूर के कहने पर रजाउल अंसारी रिसीवर की भूमिका निभाता था. चोरी के बाद तबारक और मुस्तकीम बाइक्स को रजाउल को सौंपते थे.
रजाउल चोरी की इन बाइक्स को मंसूर तक पहुंचाता था. इसके लिए मंसूर द्वारा तीनों को कमीशन दी जाती थी. हालांकि, मंसूर पुलिस की गिरफ्त से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए बेंगाबाद पुलिस द्वारा लगातार छापामारी की जा रही है.
इसे भी पढ़ें : Palamu : बर्ड फ्लू की आशंका के कारण ब्रायलर चिकन के दाम में गिरावट, 25 प्रतिशत ही हुई बिक्री, रेहला में मृत मिला कौआ




