
Ranchi: टेक्नोलोजी की दुनिया में अब झारखंड भी आगे पहुंच चुका है. इसका ही उदाहरण है, सिमडेगा पुलिस द्वारा लांच किया गया रक्षक एप्लीकेशन के माध्यम से ई-बीट पुलिसिंग और पेट्रोलिंग शुरुवात करना. पुलिस मुख्यालय द्वारा रक्षक एप डेवलप किया गया, सिमडेगा पहला जिला होगा जो इसे लांच किया है. सिमडेगा एसपी सौरभ कुमार ने बताया एप के माध्यम से पुलिस पेट्रोलिंग पर नजर रखी जाएगी. साथ ही साथ जिले के हर एक इलाके के लोगों का डाटा भी पुलिस के पास एक क्लिक में मौजूद रहेगा. सभी बीट पुलिस अधिकारियों के बीच क्यूआर कोड का वितरण किया. पुलिस अधिकारी इलाके में चौकस हैं या नहीं इसका मॉनिटर किया जा सकेगा. क्यूआर कोड के माध्यम से गली मोहल्ले एवं संवेदनशील जगहों पर पुलिस पेट्रोलिंग की जानकारी कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी.
क्यूआर कोड वाले जगह पर पेट्रोलिग अनिवार्य
जिले के पुलिस अधिकारियों को मोबाइल में रक्षक एप डाउनलोड करवाया गया है. ई-बीट पुलिसिंग के तहत जिले के हर सेंसेटिव जगह में क्यूआर कोड लगाया जाएगा. जहां क्यूआर कोड लगा होगा वहां पेट्रोलिंग करना अनिवार्य होगा. क्यूआर कोड वाले जगह पर जब पुलिस की टीम पेट्रोलिंग के लिए पहुंचने पर अपने मोबाइल से क्यूआर कोड को स्कैन करेगा. स्कैन कर पर पुलिस कंट्रोल रुम को स्वत: जानकारी मिल जाएगी कि उक्त स्थान पर पेट्रोलिंग जारी है.




