
Nikhil Kumar
Ranchi: रांची रेलवे स्टेशन के पीछे से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची तक एक नया फोरलेन रोड बनाया जायेगा. पथ निर्माण विभाग इस योजना पर तेजी से काम कर रहा है. यह रोड पूरी तरह से नयी और ग्रीनफील्ड होगा. बिरसा मुंडा एयरपोर्ट के समीप हेथू गांव के समीप से यह रोड बनेगा जो रांची रेलवे स्टेशन से जुड़ेगा. चुटिया से सटे इलाके से नदी किनारे यह रोड बनेगा जो नामुकम भी क्रास करते हुए एयरपोर्ट तक जायेगा. ऐसे में इसका एलाइनमेंट लगभग तैयार है. ग्रीनफील्ड रोड होने वजह से कोई मकान-दुकान तोड़ने की जरूरत नहीं होगा. रेलवे स्टेशन से बिरसा मुंंडा एयरपोर्ट तक जोड़ने के लिए पूरी जमीन खाली है . सिर्फ चुटिया के पास कंजेशन है. यह देखा जा रहा है कि यहां पर कैसे रोड का निर्माण कराया जाये.
इसे भी पढ़ें: Jharkhand: सरकार के अफसरों को स्थानीय भाषा में ग्रामीणों से संवाद करने का निर्देश
इस रोड के बनने से एयरपोर्ट जाना काफी आसान होगा, आवागमन फ्री होगा. कोई भारी ट्रैफीक का भी सामना नहीं करना पडेगा. इसके बनने से चूटिया, डोरंडा,मेन रोड,एचईसी, नामकुम, हटिया, तुपुदाना रिंग रोड सहित आसपास के इलाकों में रहने वाले लाखों लोगों को फायदा होगा. यह रोड रिंग रोड से एयरपोर्ट होते हुए रांची रेलवे स्टेशन को सीधा जोड़ेगा.वहीं, खूंटी व जमशेदपुर जाने के लिए एक बेहतर विकल्प बनेगा.
4.5 किमी लंबा होगा फोरलेन रोड, एलिवेटेड भी
पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि लगभग 4.5 किमी लंबे इस रोड को कुछ दूर तक एलिवेटेड बनाया जायेगा और कुछ किमी फोरलेन रोड बनाया जायेगा. इसका एलाइनमेंट तैयार किया जा रहा है. इसके लिए कंसल्टेंट चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है. टेंडर निकाला गया है. एक आकलन के अनुसार करीब 70-80 करोड़ रुपये इसमें खर्च होगा. इसमें जमीन अधिग्रहण का भी लागत होगा. पथ निर्माण विभाग इस रोड निर्माण के लिए सर्वे कर रहा है. जल्द ही डीपीआर इत्यादि तैयार कराके राज्य सरकार से भी इसकी स्वीकृति ली जायेगी. यह रोड वर्तमान डोरंडा होकर हिनू होते हुए एयरपोर्ट रोड जाने के अलावा बेहतर विकल्प देगा जो पूरी तरह से फोरलेन होगा.
रिंग रोड से एयरपोर्ट रोड का भी टेंडर हुआ जारी
रांची रिंग रोड तुपुदाना से एयरपोर्ट तक रोड बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग ने टेंडर जारी कर दिया है.इस रोड को भी फोरलेन किया जाना है.पथ निर्माण विभाग के इंजीनियरों ने इस रोड के बनने से खूंटी, जमशेदपुर तरफ से आने वाले लोगों को काफी फायदा होगा.
बेहतर रोड कनेक्टिविटी के लिए कई रोड प्रोजेक्ट पर काम: सुनील कुमार

पथ निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर राजधानी के आसपास के इलाके में बेहतर रोड कनेक्टिविटी तैयार करने के लिए सड़क परियोजनाओं पर तेजी से काम चल रहा है. इनर रिंग रोड निर्माण के तहत कई प्रोजेक्ट लिए जा रहे हैं. इसी का हिस्सा है रांची रेलवे स्टेशन से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तक फोरलेन ग्रीनफील्ड रोड का निर्माण. विभागीय इंजीनियरों को कहा गया है कि वे सड़क निर्माण की दिशा में तेजी से कार्य करें. इसका एलाइनमेंट तैयार हो रहा है. हाल में प्रजेंटेशन भी हुआ है. चुटिया शहरी इलाके में थोडा कंजेशन है ऐसे में यह देखा जा रहा है कि वहां पर कैसे रोड का निर्माण किया जाये. जल्द ही इसका डीपीआर तैयार कराके राज्य सरकार की स्वीकृति ली जायेगी.




