
Jamshedpur : अमूमन मृतक कर्मचारी के परिजन नियोक्ता से नौकरी की मांग करते हैं, लेकिन टाटा मोटर्स के मृत कर्मचारी मुकुल डुंगडुंग की पत्नी ने नौकरी नहीं कर, सामाजिक सुरक्षा राशि को देने की अर्जी लगायी है. पिछले दिनों कंपनी परिसर में संदिग्ध हालत में मृत मिले मुकुल की पत्नी को यूनियन की पहल के बाद प्रबंधन ने नौकरी देने का फैसला किया था. लेकिन मुकुल की पत्नी वायलेट डुंगडुंग ने प्रबंधन और यूनियन को आवेदन देकर नौकरी नहीं करने में असमर्थता जतायी है.
वायलेट डुंगडुंग ने बताया कि तीन बच्चों के लालन-पालन की जिम्मेवारी उनपर है. ऐसी हालत में नौकरी करना मुश्किल है. उन्होंने अनुरोध किया कि उनके पति के निधन के बाद मिलने वाली सोशल सिक्योरिटी का लाभ उन्हें मिले, ताकि वह बच्चों की परवरिश ठीक तरीके से कर सकें. पत्नी के आवेदन पर शुक्रवार को टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन कार्यालय में बैठक हुई, जिसमें प्रबंधन के अधिकारियों के साथ यूनियन के पदाधिकारी मौजूद थे. पत्नी ने बताया कि पहले मैंने सोच समझकर फैसला नहीं लिया था. मेरे तीन बच्चे हैं और इन्हें देखने वाला कोई नहीं है. ऐसी स्थिति में मैं नौकरी नहीं कर पाऊंगी. वायलेट डुंगडुंग के इस अनुरोध पर प्रबंधन और यूनियन ने फैसला लिया कि मरणोपरांत मिलनेवाली सारी सुविधा वायलेट डुंगडुंग को मिलेगी. बैठक में यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह तोते, महामंत्री आरके सिंह समेत आई आर पदाधिकारी राजीव श्रीवास्तव, एडमिनिस्ट्रेशन हेड बीएन सिंह और टाउन हेड रजत सिंह उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : सूर्य मंदिर हमले में घायल भाजमो कार्यकर्ताओं व महिलाओं को सरयू राय ने किया सम्मानित




