
New Delhi: कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया. उन्होंने पार्टी की अध्यक्षता स्वीकार करने को लेकर किए गए सवाल पर पहली बार अपना पक्ष रखा. राहुल ने कहा कि उन्होंने फैसला कर लिया है कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष बनना है या नहीं और वे अपना जवाब चुनाव के दौरान ही देंगे. राहुल ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि मैंने अपना मन बना लिया है और मैं काफी स्पष्ट हूं. मैं अध्यक्ष बनूंगा या नहीं यह उस दिन सामने आ जाएगा, जब पार्टी के चुनाव होंगे. कृपया उस दिन तक इंतजार करें. गौरतलब है कि राहुल गांधी फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा में हिस्सा ले रहे हैं. 7 सितंबर से शुरू हुई यह यात्रा कन्याकुमारी से कश्मीर तक रखी गई है. राहुल गांधी ने कहा है कि वे इस यात्रा का नेतृत्व नहीं कर रहे, बल्कि महज इसका हिस्सा हैं.
इसे भी पढ़े: मोदी व जिनपिंग की संभावित मुलाकात से पूर्व गोगरा व हॉट स्र्पिंग्स से सेनाओं की वापसी शुरू

बीजेपी ने संस्थाओं पर कब्जा किया- राहुल गांधी
कांग्रेस देशभर में 3570 किमी लंबी भारत जोड़ो यात्रा निकाल रही है. भारत जोड़ो यात्रा के तीसरे दिन राहुल गांधी ने एक बार फिर बीजेपी और संघ पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा बीजेपी और संघ की विचारधारा नफरत फैलाने वाली है. और हमारी ये यात्रा बीजेपी और RSS की विचारधारा के खिलाफ है. राहुल गांधी ने कहा, सभी की अपनी राय होती है, बीजेपी की राय है, संघ की राय है. उनके विचारों का स्वागत है. हमारे लिए ये यात्रा जनता से जुड़ने का है. जो नुकसान बीजेपी की विचारधारा ने जनता को पहुंचाया है, उसकी भरपाई के लिए हमने ये यात्रा शुरू की है. राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और संघ की विचारधारा नफरत फैलाने वाली है. राहुल ने कहा, बीजेपी ने सभी संस्थाओं पर कब्जा कर लिया है. वे संस्थाओं पर दबाव डाल रहे हैं. आपको पता है कि वे कैसे काम कर रहे हैं. राहुल गांधी ने कहा कि हम सिर्फ किसी राजनीतिक पार्टी से नहीं लड़ रहे हैं, हम सभी संस्थाओं से लड़ रहे हैं. उन्होंने कहा कि मीडिया विपक्ष के साथ नहीं है. राहुल गांधी ने कहा कि मैं कांग्रेस का सदस्य होने के नाते इस यात्रा में शामिल हूं. ये यात्रा भारत को जोड़ने के लिए है. अगर इसका फायदा कांग्रेस को भी होता है, तो ठीक है. राहुल गांधी ने कहा, बहुत सारे लोग लड़ाई नहीं लड़ना चाहते. उन्हें लगता है कि बीजेपी के साथ कहां फंसना?




