
Bermo: बेरमो अनुमंडल के बोकारो थर्मल स्थित कोनार नदी के बैराज का दो गेट टूटने से गुरुवार की रात्रि नदी का सारा पानी बह जाने से शुक्रवार को आवासीय कॉलोनी में सारा दिन पानी की सप्लाई ठप रही.कॉलोनी में पानी की सप्लाई ठप हो जाने से कर्मचारियों एवं आसपास के कॉलोनी के लोगों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ा. कोनार नदी पर बने बैराज को 12 एवं 16 नंबर गेट टूटकर पिछले दिनों पानी की तेज धार में बह गया था. प्रबंधन गेट टूटने के बाद एक सप्ताह से गेट को बनाने की दिशा में गंभीर नहीं रहा जिसके कारण नदी में पानी का लेवल घटने पर जो भी पानी थ, वह बह गया. पानी नहीं रहने के कारण इंटेक वेल के पास काफी मात्रा में बालू जमा हो गया था जिसे शुक्रवार को साफ करने का कार्य किया जा रहा था.नदी में पानी कम हो जाने के कारण प्लांट एरिया साईड से बालू नजर आने लगा है.पानी नहीं रहने के कारण पावर प्लांट को चलाने में कठिनाई होने पर शुक्रवार को कोनार डैम से बोलकर पानी को खोला गया और प्लांट में पानी का स्टॉक प्लांट चलाने के लिए किया गया. दूसरी ओर शुक्रवार को एचओपी आनंद मोहन प्रसाद ने सिविल के डीजीएम डॉ विश्व मोहन गोस्वामी, राहुल उरांव, मनोज कुमार आदि के साथ बैराज पर जाकर गेट लगाने के कार्य को आरंभ करवाया.शाम होने तक एक भी गेट को लगाया नहीं जा सका था.मामले को लेकर एचओपी ने पूछे जाने पर कहा कि टूटे हुए गेट से नदी का सारा पानी बह जाने के कारण कॉलोनी में पानी सप्लाई ठप हो गया है. कहा कि प्लांट चलाने के लिए कोनार डैम से पानी खोलकर पानी स्टॉक किया गया है. कहा कि प्लांट चलाने के लिए सात घंटे का स्टॉक है.स्थिति नहीं सुधरी तो प्लांट को बंद करना पड़ सकता है.




