
Ranchi: गोड्डा के पथरगामा थाना पुलिस ने एक चाहरदिवारी के अंदर राजस्थान नम्बर के कंटेनर से पिकअप में शराब लोड कर रहे पांच तस्कर को गिरफ्तार किया है. भारी मात्रा में बरामद शराब बिहार भेजने की तैयारी की जा रही थी.गिरफ्तार आरोपी में पथरगामा थाना क्षेत्र के सरगना उपेन्द्र भगत, देवनन्द महतो, श्याम महतो, हरियाणा के नूह जिला के पुन्नाहा थाना क्षेत्र स्थित फरदरी निवासी अकिल हुसैन ओर यूपी के मुरादाबाद जिले के मैनाठेर थाना क्षेत्र स्थित फतेहपुर खास निवासी मो अजिम का नाम शामिल है. आरोपी के पास से विभिन्न ब्रांड के 2204 पेटी विदेशी शराब, कंटेनर (आरजे-14जीपी-8781) ओर आयसर ट्रक (जेएच 01 ईटी 8700) बरामद किया गया है. पुलिस के अनुसार गुरुवार की रात गुप्त सूचना मिली की पथरगामा थाना क्षेत्र के खरियानी ग्राम पाईपलाईन के समीप बड़े से चाहरदिवारी के अन्दर कुछ लोगों के द्वारा अवैध शराब लोड कर अन्यत्र ले जाया जा रहा है. मामले की जानकारी आला अधिकारियों को देने के बाद मौके पर पहुंच चाहरदिवारी को चारो ओर से घेर कर दरवाजा खुलवाया गया. जहां कुछ लोगों द्वारा कार्टून के बने पेटी को एक गाड़ी से दूसरे गाड़ी में लोड किया जा रहा था. जिसमे अवैध शराब का बोतल पाया गया एवं गाड़ी, अन्दर बने मकान की तलाशी के दौरान उसके अन्डग्राउण्ड से भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद किया गया. मौके पर मौजूद सभी आरोपी को गिरफ्तार कर अवैध शराब को जप्त किया गया. वही मामले को लेकर पथरगामा थाना (काण्ड संख्या-129/2024) प्राथमिकी दर्ज की गई.




