
Ranchi : पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार ने भाजपा से अपना इस्तीफा वापस ले लिया है. प्रदेश महामंत्री एवम सांसद आदित्य साहू ने सोमवार को मेनका सरदार से उनके आवास पर मुलाकात की. इसके बाद श्रीमती सरदार ने पार्टी से दिए अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार करते हुए इस्तीफा वापस ले लिया. साथ ही पोटका से भाजपा प्रत्याशी मीरा मुंडा (पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा की पत्नी) के पक्ष में प्रचार करते हुए जीत सुनिश्चित कराने का निर्णय लिया. गौरतलब है कि पोटका से मीरा को कैंडिडेट बनाए जाने की घोषणा से मेनका नाराज हो गयी थीं. इसके बाद भाजपा से उन्होंने इस्तीफा दे दिया था. मीरा मुंडा ने सोमवार को उनके आवास जाकर उनका आशीर्वाद भी मांगा था. उन्होंने मीरा मुंडा को समर्थन देने का वादा किया है.




