
Ranchi: बोकारो जिले के सेक्टर 12 स्थित पुलिस लाइन मैदान में बुधवार को एएसआई से एसआई की कोटी में प्रोन्नति को लेकर आठ सप्ताह तक हुए प्रशिक्षण के समापन पर रैतिक परेड का आयोजन किया गया. समारोह की अध्यक्षता डीआइजी कन्हैया लाल मयूर पटेल ने की. मौके पर डीआइजी सीआरपीएफ दीलीप कुमार चौधरी, डीसी कुलदीप चौधरी, जैप 04 कमांडेंट अश्विनी कुमार, कमांडेंट सीआरपीएफ कमलेंद्र प्रताप सिंह, एसडीपीओ चास दिलीप प्रताप सिंह शेखावत, मुख्यालय डीएसपी मुकेश कुमार, सभी डीएसपी, पुलिस निरीक्षक आदि उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें: PLFI का 10 लाख का इनामी उग्रवादी सबजोनल कमांडर तिलकेश्वर गोप गिरफ्तार
अपने संबोधन में डीआइजी कन्हैया लाल मयूर पटेल ने कहा कि आप सभी एक महत्वपूर्ण पड़ाव को हासिल कर आगे जा रहें है. सेवा के दौरान अंतर प्रशिक्षण एक अभिन्न अंग है. लेकिन, पहली बार इस तरह का प्रशिक्षण जिला स्तर पर किया गया है. आप सभी प्रशिक्षुओं से उम्मीद है कि आप प्रशिक्षण के दौरान मिली जानकारी से अपने पुलिस कार्यप्रणाली को बेहतर बनाएंगे. प्रशिक्षण की मानीटरिंग प्रशिक्षण निदेशालय द्वारा की गई है,सभी बातों का ध्यान रखा गया है. आप सभी नव प्रोन्नत पुलिस अवर निरीक्षक क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग में सहायक होंगे. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण सत्र के दौरान जिन लोगों ने जितनी मेहनत कि है उसके कार्य में उतना ही निखार आएगा.
एसपी चंदन झा ने कहा कि सभी चारों प्लाटून को इंडोर एवं आउटडोर प्रशिक्षण दिया गया है. इन्होंने कुल आठ सप्ताह का प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जिसमें छह सप्ताह जिले में एवं दो सप्ताह धुर्वा स्थित प्रशिक्षण स्थल पर पूरा किया है. इस दौरान सभी तरह का प्रशिक्षण, अपराध अनुसंधान, फस्ट एड, बेहतर पुलिसिंग, सीसीटीएनएस आदि का प्रशिक्षण दिया गया है. यह प्रशिक्षण आप सबों को स्पेशल पुलिस बनाती है. मौके पर प्रशिक्षण अवधि में बेहतर करने वाले पुलिस अवर निरीक्षकों को आउटडोर, इंड्रोर, फायरिंग, आउटडोर इंडक्टर आदि श्रेणियों में मेडल एवं पुस्कार देकर सम्मानित किया.




