
Palamu: जिले में बुधवार को हुए दो सड़क हादसे में महिला समेत दो की मौत हो गई. जपला और हरिहरगंज में सड़क दुर्घटना हुई. हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के जपला- पथरा मुख्य पथ के बिहारी बीघा के समीप हाइवा ने बाइक में टक्कर मार दी. बाइक सवार हुसैनाबाद के कुशा गांव निवासी 22 वर्षीय युवक अतुल राज की मौत घटना स्थल पर मौत हो गई, जबकि बाइक पर ही सवार अन्य दो युवक रंजन राम व यतीश राम घायल हो गये. घायल दोनों युवकों को अनुमंडलीय अस्पताल हुसैनाबाद में भर्ती कराया गया है. जहां से एक को सदर अस्पताल मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया है.
बताया जा रहा है कि बाइक पर सवार तीनों युवक घर कुशा से जपला की ओर आ रहे थे. इसी क्रम में हाइवा टक्कर मार बाइक को रौंदते हुए फरार हो गया. घटना की सूचना मिलते ही हुसैनाबाद पुलिस घटनास्थल पहुच कर जांच में जुट गई है.
इधर घटना स्थल पर ग्रामीणों ने जपला-पथरा मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इससे सड़क को दोनों तरफ छोटी बड़ी गाड़ियों की कतार लग गई. ग्रामीणों द्वारा मुआवजा की मांग की जा रही है. समाचार लिखे जाने तक ग्रामीण मांग को लेकर जपला पथरा मुख्य सड़क पर अड़े हुए हैं. वहीं हुसैनाबाद थाना पुलिस जाम को समाप्त कराने में जुटी हुई है.
उधर, हरिहरगंज के शहरी क्षेत्र के हरिहरगंज पश्चिमी पंचायत सचिवालय के समीप बुधवार को एक अज्ञात बाइक चालक ने 50 वर्षीय लक्ष्मीनिया देवी को धक्का मार दिया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गयी. आसपास के लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतका काजी हाउस के समीप रहने वाले महेंद्र साव की पत्नी थी. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेदिनीनगर भेज दिया.
इसे भी पढ़ें – पलामू: उपायुक्त के बाद पुलिस अधीक्षक भी बदले गए, पहली बार महिला आईपीएस को एसपी की कमान



