
Palamu : झोला छाप डॉक्टर मो. फिरोज खान उर्फ रहमान अपहरणकांड के मास्टरमाइंड दिग्विजय सिंह उर्फ डिक्कू को गिरफ्तार कर लिया गया है. उसे पलामू जिले के तरहसी थाना क्षेत्र स्थित तिरौंधा में होने वाले रिश्तेदार के घर से मंगलवार की दोपहर पकड़ा गया. घटना के बाद से आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए भागा फिर रहा था. आरोपी कल ही वहां पहुंचा था. गुप्त सूचना पर हुसैनाबाद पुलिस ने तरहसी पुलिस के सहयोग से छापामारी कर दिग्विजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने अपहरणकांड में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार (जेएच 01 एम 1212) को भी बरामद किया है. जिले की एसपी रीष्मा रमेशन ने बुधवार को इसकी पुष्टि की है.
बताते चलें कि 26 फरवरी की शाम पेट दर्द से पीड़ित मरीज का इलाज कराने के बहाने डा. रहमान को क्लीनिक से बाहर बुलाकर अपहरण कर लिया गया था. इस घटना में शामिल तीन आरोपियों प्रिंस कुमार सिंह उर्फ चिकू सिंह, चंदन कुमार सिंह एवं अभय कुमार सिंह उर्फ मिकू को गिरफ्तार कर 1 मार्च को न्यायिक हिरासत में भेजा गया था. इस घटना को आधा दर्जन से अधिक अपराधियों ने अंजाम दिया था.
एसपी ने जानकारी दी कि हुसैनाबाद के वार्ड नंबर 9 राजटोली के मो. फिरोज खान उर्फ डा. रहमान खान अपहरणकांड के तीन दिन बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था. वहीं इस कांड का उदभेदन भी किया था. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी में पुलिस टीम जुटी हुई थी. इसी बीच गुप्त सूचना मिली कि कांड का चौथा और मुख्य आरोपी दिग्विजय सिंह उर्फ डिक्कू तरहसी में एक रिश्तेदार के घर शरण लेने के लिए पहुंचा है. सूचना पर कार्रवाई कर उसे पकड़ा गया. उसका ससुराल लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में है. डाक्टर का अपहरण करने के बाद उसे दिग्विजय सिंह के मेदिनीनगर के हाउसिंग कॉलोनी स्थित किराये के मकान में रखा गया था.
गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपहरणकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की. साथ ही उसकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल स्वीफ्ट कार बरामद की गयी. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापामारी की जा रही है. दिग्विजय के खिलाफ रांची के अरगोड़ा थाना में एक मामला दर्ज है. डाक्टर अपहरणकांड में नाज परवीण ने मामला दर्ज कराया था. गिरफ्तारी टीम में पु.अ.नि शशिशेखर पांडे, शस्त्रबल एवं तकनीकी शाखा के पुलिसकर्मी शामिल थे.
इसे भी पढ़ें- पीएम मोदी ने अत्याधुनिक सेमीकंडक्टर सुविधाओं की रखी नींव, CUJ भी हुआ ऑनलाइन शामिल



