
Giridih: गिरिडीह के डुमरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे में आईबीपी के समीप बुधवार दोपहर यात्री बस और ट्रक के बीच भीषण टक्कर हो गई. जिसमें आधा दर्जन यात्री गंभीर रुप से जख्मी हो गए. गनीमत रही कि इस भीषण टक्कर में जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ.

प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो ट्रक और बस के बीच टक्कर इतना जबरदस्त हुआ कि दोनों गाड़ियों के आगे और पीछे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इतना ही नहीं टक्कर के बाद यात्री बस नेशनल हाईवे के डिवाईडर को पार करता हुआ हाईवे के सर्विस रोड तक चला गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ घायलों को बचाने के लिए दौड़ी. इस दौरान जानकारी मिलने के बाद डुमरी थाना की पुलिस भी घटनास्थल पहुंच कर घायलों को डुमरी रेफरल अस्पताल पहुंचाने में जुट गई. वहीं दोनों गाड़ियों के चालक और खलासी फरार होने में सफल रहे. फिलहाल बस और ट्रक के टक्कर में बस के यात्रियों में धनबाद निवासी राहुल रवानी, मनीष कुमार राय, मेराज अंसारी, साबीर अंसारी, फजलू मियां और जामताड़ा निवासी मंजू अंसारी शामिल हैं.
इसे भी पढ़ें: कोर्ट फीस संशोधन विधेयक वापसी एवं अन्य मांगों को लेकर राज्य के अधिवक्ता 6 जनवरी से अगले आदेश तक न्यायिक कार्य से रहेंगे अलग




