DeogharJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsMain SliderNEWSRanchiTOP SLIDER

महाशिवरात्रि: सुबह 4 बजे से बाबा बैजनाथ को जलार्पण करने में लगे शिवभक्त, प्रशासन सजग

Ranchi/Deoghar:  महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर बाबा नगरी देवघर में लाखों शिवभक्त जुटे हुए हैं. बैद्यनाथ धाम की धरा पर देवतुल्य श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा है. बाबा को जलार्पण करने को श्रद्धालु शुक्रवार की रात से ही कतारबद्ध होकर अपने होल्डिंग प्वाइंट में विश्राम कर रहे थे. शनिवार की सुबह 3:50 बजे बोल बम व हर हर महादेव के जयकारों संग बाबा मंदिर में जलार्पण शुरू हुआ जो निरंतर जारी है.

प्रशासन मानकर चल रहा है कि दिनभर में एक लाख से भी अधिक श्रद्धालु बाबा को जल चढाएंगे. इसे देखते लाखों की संख्या में आए श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा हेतु जिला प्रशासन ने पूर्व से ही अप्रत्याशित भीड़ को लेकर चौकसी बरत रखी है. सम्पूर्ण रुट लाइन के साथ-साथ बीएड कॉलेज, क्यू कॉम्प्लेक्स, नाथबाड़ी व मंदिर प्रांगण में कतारबद्ध कांवरियों हेतु सुविधा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधा, बायोटॉयलेट, लाईट के साथ-साथ उनके भक्ति भावना को जागाए रखने हेतु पूरे रूट लाईन में शिवधून बजाने की व्यवस्था की गयी थी.

शिव बारात की भी तैयारी पूरी

महाशिवरात्रि के अवसर पर पूर्व की तरह निकलने वाली शिव बारात रुटलाइन में विधि व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य व्यस्थाओं व की जाने वाली तैयारियों का डीसी मंजूनाथ भजंत्री ने शुक्रवार को निरीक्षण किया था. इस दौरान के0के0एन0 स्टेडियम में शिव बारात हेतु किये जा रहे तैयारियों के अलावा निर्धारित रूट लाईन के0के0एन0 स्टेडियम, फव्वारा चौक, प्राइवेट बस स्टैंड, बाजला चौक, टावर चौक, आदि में श्रद्धालुओं हेतु की गयी सुरक्षा व सुविधा व्यवस्था का जायजा भी लिया था. साथ ही शिव बारात पथ में पड़ने वाले सभी नालों की साफ-सफाई के साथ सड़कों के किनारे सुरक्षा के दृष्टिकोण से किए गए बेरिकेडिंग को और मजबूत करने को कहा था ताकि महाशिवरात्रि के अवसर पर शिव बारात के रूप में निकलने वाली झाँकियों के भ्रमण के दौरान नालों या गड्ढों के वजह से किसी प्रकार की अप्रिय घटना घटित होने की संभावना न रहे.

इसके अलावे संबंधित अधिकारियों को सम्पूर्ण रूटलाईन का चौबीस घंटे पहले निरीक्षण कर केबल के तारों के अतिरिक्त बिजली या टेलिफोन के तार का भौतिक सत्यापन कर लेने को कहा ताकि किसी प्रकार की कोई कमी न रहे. साथ ही महाशिवरात्रि के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए कतारबद्ध व सुगम जलार्पण को लेकर बनाए गए रुटलाइन का निरीक्षण करते हुए सरकार भवन मोड , बीएड कॉलेज, तिवारी चौक, चिल्ड्रेन पार्क, शिवराम झा चौक, क्यू कॉम्प्लेक्स, फुट ओवरब्रिज व बाबा मंदिर प्रांगण का निरीक्षण भी डीसी ने किया था. संबंधित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा निर्देश दिया ताकि जलार्पण को आने वाले श्रद्धालु आसानी से सुगम व सुरक्षित जलार्पण कर अपने गंतव्य की ओर वापस लौटें.

इसे भी पढ़ें: नेहा अरोड़ा को मिशन निदेशक स्वच्छ भारत मिशन और प्रशासक झारखंड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड का अतिरिक्त प्रभार

Related Articles

Back to top button