
Dhanbad: धनबाद के गोमो में स्थित बिशनपुर जोरिया पर पुल बना रहे ठेकेदार को मंगलवार शाम ग्रामीणों ने कार्य स्थल पर दो घंटे तक बंधक बना दिया. लगातार हो रही बारिश की वजह से जोरिया का डायवर्सन तीन बार बह चुका है. इससे दस गांव का सीधा संपर्क गोमो से टूट गया है. एक बाइक भी बह गई थी. जब ठेकेदार विकास गोप कार्य स्थल पर पहुंचे तो ग्रामीण उग्र हो गए. हंगामा करने लगे. पिछले आठ महीने से पुल का काम बंद पड़ा है. ग्रामीणों की मांग थी कि डायवर्सन बनाने का जबतक आश्वासन नहीं मिलेगा तबतक छोड़ा नहीं जाएगा. ठेकेदार के आश्वासन पर बुधवार से मजबूत डायवर्सन बनाने का काम किया जाएगा. तब जाकर लोग शांत हुए.
ज्ञात हो एक वर्ष पहले से यहां पुल का काम शुरू किया गया था. लेकिन कार्य को किसी न कारण से लोग काम बंद करा रहे थे. जिसकी वजह से आजतक काम अधूरा है. पुराने पुल को तोड़ने की वजह से ये परेशानी हो रही है. नए पुल का निर्माण करने के बाद अगर पुराने पुल को तोड़ा जाता तो लोगों को परेशानी नहीं होती.




