ELECTION SPECIALJharkhandLead NewsRanchi

चुनावी चकल्लसः पार्टियों के टिकट के फेर में आधे अ‘मीर’ हो गये पूरे अमीर, अब पैसा वसूली टेढ़ी खीर

Election Reporter

Ranchi: ऐसा होता हर बार है. जानते भी सभी हैं. लेकिन बात बस गपशप के बाद खत्म हो जाती है. कहा जाये तो ऐसी बातें चुनावी चकल्लस बन कर रह जाती हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही हो रहा है. किसी एक पार्टी की बात यहां नहीं हो रही है, बल्कि ऐसे फॉर्मूले पर कमोबेश सभी पार्टियां काम करती हैं. हर पार्टी में एक ऐसा कुनबा होता है, जो इन सारी बातों की जानकारी रखता है. अगर आपके हाथ सही मूड में वो लग गये, तो बात ऊगल देते हैं. कोई खुल कर कह देता है, तो कोई इशारों-इशारों में ही सारी बात कह देता है. हां यहां इस बात का ध्यान रखना चाहिए कि पार्टी बड़ी हो या छोटी, कोई इन सब चीजों से परहेज नहीं करता है.

तो हम का सुखले गये थे

कुछ पार्टी ने टिकट देने में कोई संकोच नहीं किया. कुछ को टिकट बांटने में कब्ज हो गया. टिकट मिला लेकिन देर से. और कुछ ने तो टिकट देकर भी पाला बदल लिया. बात किस्मत की होती है. अगर आप सही जगह पर पार्टी उम्मीदवारों के करीबियों के पास पहुंच जाते हैं, तो आपके पास पार्टी के कई राज आ जाते हैं. ऐसे ही एक माहौल की बात है. दो-तीन लोग बातचीत कर रहे थे. टिकट नहीं मिलने वाले उम्मीदवार का करीबी काफी आग-बबूला था. बात होते-होते टिकट के लिए मुद्रा की बात होने लगी. एक का कहना था कि ऐसा नहीं था कि किसी ने तैयारी नहीं की थी. लेकिन मिलना तो किसी एक ही था. इस पर जिन्हें टिकट नहीं मिला उनके उम्मीदवार के करीबी ने फौरन कह डाला, अरे छोड़िए कोई सुखले नहीं गया था. हम का सुखले गये थे, जो हमको कह कर भी गायब कर दिया. एक ने बड़ी सटीक जानकारी दी. कहा कि एक उम्मीदवार तो हल्ला करने लगा कि अगर हमको टिकट नहीं मिला तो सगरो जगह हल्ला कर देंगे कि किसको कितना चढ़ावा दिया गया है.

वापस कैसे नहीं करेगा, बर्बादे कर देंगे

जी हां ऐसा भी हो रहा है. नंबर दो या तीन पर रहनेवाले उम्मीदवारों ने भी तैयारी की थी. बकायादा एडवांस डिलीवर भी कर दिया था. लेकिन पार्टी भी क्या करे. किसी एक को ही झंडा दे सकती थी. ऐसे में जिन्हें झंडा नहीं बल्कि बाबा जी ठुल्लू मिला वो अपने एडवांस को लेकर चितिंत हैं. पहले चढ़ाई टिकट के लिए किया था. अबकी चढ़ाई अपना सामान वापस करने के लिए कर रहे हैं. कुछ ने तो तगादा शुरू भी कर दिया है. उधर से आश्वासन मिल रहा है, कि कुछ दिन रुको अभी मामला बहुते गर्म है. कुछ इसी तरह की बातें हर पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच हो रही है. समय निकाल कर अप भी सुनने की कोशिश करें और मजे लें.

नोटः न्यूज विंग यहां किसी खास पार्टी या व्यक्ति विशेष पर आरोप नहीं लगा रहा है.

इसे भी पढ़ें – झारखंड के गोड्डा सीट से कांग्रेस ने उम्मीदवार बदला, दीपिका नहीं अब प्रदीप मैदान में, रांची से यशश्विनी सहाय

Related Articles

Back to top button