
Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के गुड़ाबांदा प्रखंड के ग्रामीण इन दिनों दहशत के माहौल में जीने को मजबूर है. ग्रामीण अपने घर को छोड़ पलायन कर रहे है. दरअसल, प्रखंड के हतियापाटा, दोलकी और चुआसोल समेत पांच गांव में हाथियों ने तांडव मचा रखा है. हाथियों का एक झुंड इन दिनों गांव में घूम रहा है. इस झुंड में 40 से ज्यादा हाथी मौजूद है. हाथियों के झुंड ने कई एकड़ में लगे फसल को भी बर्बाद कर दिया है. इसको लेकर वन विभाग की क्विक रिस्पॉन्स टीम भी मौके पर मौजूद है. जानकारी देते हुए डीएफओ ममता प्रियदर्शी ने बताया कि गांव में हाथियों का झुंड आने की सूचना है. मौके पर क्यूआरटी को तैनात किया गया है. इसके अलावा बांकुड़ा से भी एक टीम को बुलाया गया है. टीम हाथियों को उनके रास्ते पर लाने का प्रयास कर रही है ताकि हाथी वहां से निकल सके. उन्होंने बताया कि हाथियों को गांव में पानी और खाना भरपूर मात्रा में मिल रहा है.





