HEALTHJharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsMain SliderNEWSRanchiTOP SLIDERTop Story

आज से डॉक्टर हड़ताल पर, सिर्फ इमरजेंसी में होगा इलाज, ओपीडी समेत अन्य सभी सेवाएं रहेंगी प्रभावित

Ranchi: आईएमए और झासा के आह्वान पर राज्य के 15 हजार से ज्यादा सरकारी और गैरसरकारी डॉक्टरों का अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार आज सुबह 6:00 बजे से शुरू हो गया. डॉक्टर एमजीएम जमशेदपुर के शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ कमलेश उरांव के साथ बीते दिनों हुई मारपीट की घटना का विरोध कर रहे हैं. आंदोलन में शामिल डॉक्टर अस्पताल तो आयेंगे, लेकिन मरीजों को परामर्श या उनका इलाज नहीं करेंगे. निजी अस्पतालों में भी ओपीडी सेवाएं बाधित रहेंगी. हालांकि, सरकारी और निजी अस्पतालों में सभी आपातकालीन सेवाएं बहाल रहेंगी. साथ ही पोस्टमार्टम के केस भी निबटाये जायेंगे. डॉक्टरों का आंदोलन आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक जारी रहेगा.

आपको बता दें कि जमशेदपुर के साकची थाने में दर्ज शिकायत में डॉक्टर की ओर से बताया गया है कि शिशु विभाग में इलाजरत अन्नू प्रधान की स्थिति काफी गंभीर थी. परिजनों को लगातार इसकी जानकारी दी जा रही थी. बच्ची की मौत के बाद 10 से 15 लोग पीआइसीयू में घुस गये. इन लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. हथियार से सिर, छाती व हाथ में मारा.

झासा के अध्यक्ष डॉ पीपी शाह और सचिव डॉ ठाकुर मृत्युंजय सिंह ने कहा कि डॉक्टरों के लगातार ऐसी घटनाएं हो रही हैं. आईएमए रांची के अध्यक्ष डॉ शेखर चौधरी काजल और सचिव डॉ पंकज बोदरा ने भी ऐसी घटनाओं की निंदा करते हुए डॉक्टरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है.

Related Articles

Back to top button