
Desk: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता और ही-मैन के नाम से मशहूर धर्मेंद्र का 89 साल की उम्र में निधन हो गया. विले पार्ले श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार किया गया. उनके परिवार समेत एक्टर अमिताभ बच्चन, सलमान खान, आमिर खान और अक्ष्य कुमार जैसे अभिनेता इस दौरान मौजूद रहे.
धर्मेंद्र कुछ समय से उम्र संबंधी बीमारियों से जूझ रहे थे. 10 नवंबर को उन्हें सांस लेने में दिक्कत आई थी, जिसके बाद उन्हें मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. 12 नवंबर को धर्मेंद्र को हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया था और डॉक्टरों ने घर पर ही उनके आगे के इलाज की बात कही थी.
धर्मेंद्र 89 साल की उम्र में भी फिल्मों में एक्टिव थे. उन्हें कुछ वक्त पहले फिल्म ‘रॉकी और रानी की प्रेम कहानी’ और ‘तेरी बातों… में ऐसा उलझा जिया’ में देखा गया था, जिसमें उन्होंने अपने अभिनय से दर्शकों का दिल जीत लिया था. वो अब अमिताभ के नाती अगस्त्य नंदा की फिल्म ‘इक्कीस’ में भी नजर आने वाले हैं. ये एक्टर की आखिरी फिल्म है, जो इसी साल 25 दिसंबर को रिलीज होगी. अफसोस इस बात का है कि फिल्म रिलीज से पहले ही धर्मेंद्र अब इस दुनिया में नहीं रहे.
पीएम नरेंद्र मोदी ने बॉलीवुड एक्टर धर्मेंद्र के निधन पर शोक जताया है और एक्स पर पोस्ट लिखी है, ‘धर्मेंद्र जी के जाने से इंडियन सिनेमा में एक युग का अंत हो गया है. वह एक आइकॉनिक फिल्म पर्सनैलिटी थे, एक जबरदस्त एक्टर थे जो अपने हर रोल में चार्म और गहराई लाते थे. जिस तरह से उन्होंने अलग-अलग रोल किए, उसने अनगिनत लोगों के दिलों को छुआ. धर्मेंद्र जी अपनी सादगी, विनम्रता और प्यार के लिए भी उतने ही जाने जाते थे. इस दुख की घड़ी में, मेरी दुआएं उनके परिवार, दोस्तों और अनगिनत फैंस के साथ हैं. ओम शांति.’




