DhanbadJharkhand

धनबाद : चुरूरिया पंचायत के दो वार्ड में एक भी प्रत्याशी ने नहीं भरा पर्चा, 9 पंचायत के 43 वार्ड में निर्विरोध सदस्य चुना जाना तय

Dhanbad: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड के 9 पंचायत के 43 वार्ड में निर्विरोध सदस्य चुने जा सकते हैं. प्रखंड की कुल 9 पंचायतों से 112 वार्ड सदस्य पद के लिए शनिवार तक कुल 214 नामांकन पत्रों की बिक्री हुई. इसमें से विभिन्न पंचायतों से कुल 43 वार्ड से केवल एक-एक ही प्रत्याशियों के होने के कारण उनका निर्विरोध चुना जाना तय माना जा रहा है. हालांकि यह तभी होगा जब सत्यापन में उनका नामांकन खारिज नहीं हो जाता.

इसे भी पढ़ें : धनबाद : मलेरिया को रोकना सामाजिक जिम्मेदारी – सिविल सर्जन

पूर्वी टुंडी प्रखंड के जिन पंचायत के वार्डों से निर्विरोध वार्ड सदस्य चुने जा सकतें हैं उनमें चुरुरिया पंचायत के वार्ड संख्या- 1, 2, 4, 5, 6, 7, 13, उकमा पंचायत के वार्ड संख्या – 1, 2, 4, 8, 10, 13 तथा मैरानवाटांड़ पंचायत के वार्ड संख्या- 1, 4, 6, 9, 11, मोहलीडीह पंचायत के वार्ड संख्या- 4, 10, 12, 13,  रघुनाथपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 2, 3, 6, 11, 12, रूपन पंचायत के वार्ड संख्या- 5, 7 लटानी पंचायत के वार्ड संख्या – 2, 4, 9 रामपुर पंचायत के वार्ड संख्या- 2, 4, 9, 10 पाण्ड्रा बेजरा पंचायत के वार्ड संख्या- 1, 3, 4, 5, 10, 11, 12 शामिल हैं.

चुरूरिया पंचायत के दो वार्ड प्रत्याशीविहीन

वहीं पूर्वी टुंडी प्रखंड के 9 पंचायत में से दो वार्ड प्रत्याशी विहीन हैं. प्रखंड क्षेत्र के चुरूरिया पंचायत के वार्ड संख्या 11 एवं 12 से शनिवार दोपहर तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा नामांकन पत्र नहीं खरीदे जाने के कारण उक्त वार्ड से प्रत्याशियों की संख्या शून्य रह गया है. बता दें कि पूर्वी टुंडी प्रखंड में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को नामांकन की अंतिम तिथि थी. अंतिम दिन दोपहर तीन बजे के बाद प्रत्याशियों का नामांकन बंद कर दिया गया. हालांकि जो प्रत्याशी तीन बजे से पहले निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष पहुंच गए थे उनका नामांकन पत्र जमा लिया गया.

9 पंचायत से 48 मुखिया प्रत्याशियों ने किया नामांकन

पूर्वी टुंडी प्रखंड में शनिवार को चुनाव नामांकन के अंतिम दिन मुखिया पद के लिए कुल छह प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष जमा किया. मुखिया पद पर शनिवार को लटानी पंचायत से मनोज मंडल, रूपन पंचायत से अनिता हांसदा एवं प्रदीप टुडू, उकमा पंचायत से परिमल हेंब्रम एवं देवासी किस्कू एवं रामपुर पंचायत से पोबिया देवी ने नामांकन पत्र जमा किया. इस प्रकार प्रखंड के विभिन्न नौ पंचायतों से शनिवार तक कुल 48 मुखिया प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किया. इसमें से 31 महिला एवं 17 पुरुष प्रत्याशी शामिल हैं.

बता दें कि नामांकन किए प्रत्याशियों के आवेदन के नाम निर्देशन एवं पत्रों की समीक्षा 25 एवं 26 अप्रैल को किया जाना है. प्रत्याशियों के नाम वापसी की तारीख 27 व 28 अप्रैल तक है. 29 अप्रैल को प्रत्याशियों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाना है. मतदान की प्रक्रिया 14 मई को सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक होना है.

इसे भी पढ़ें : धनबाद: पंचायत चुनाव को लेकर उपायुक्त ने की मास्टर ट्रेनरों के साथ बैठक

Related Articles

Back to top button