
Dhanbad : स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मंगलवार को दिल्ली से धनबाद पहुंचे सांसद पीएन सिंह के स्वास्थ्य की जांच की. उनके सैंपल को जांच के लिए पीएमसीएच भेज दिया गया है. उन्हें 14 दिनों के लिए होम क्वारेंटाइन कर दिया गया है.
स्वास्थ्य विभाग की टीम उनकी निगरानी कर रही है. इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग की टीम का नेतृत्व कर रहे डॉ. राजकुमार सिंह ने बताया कि 14 दिनों तक सांसद अपने घर पर सोशल डिस्टेंसिंग मेंटेन करते हुए रहेंगे. मेडिकल टीम ने जांच के लिए सैंपल ले लिया है.
इसे भी पढ़ें – हिंदपीढ़ी में लगे ‘गोदी मीडिया हाय-हाय’ के होर्डिंग, मीडिया का हो रहा बहिष्कार
सांसद के धनबाद पहुंचने पर लोग उठा रहे हैं सवाल
धनबाद के बीजेपी सांसद पशुपति नाथ सिंह दिल्ली से सड़क मार्ग की यात्रा करते हुए धनबाद पहुंचे. वे लगभग बीस दिनों से दिल्ली में फंसे हुए थे. सांसद के धनबाद पहुंचने पर लोग सवाल भी उठा रहे हैं.
लोगों का कहना कि सांसद ने लॉकडाउन का उल्लंघन किया है. आखिर लॉकडाउन में सांसद दिल्ली से धनबाद कैसे पहुंच गये? आम लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या यह लॉकडाउन सिर्फ आमलोगों के लिए है?
हालांकि सांसद द्वारा दिल्ली से धनबाद तक यात्रा किये जाने की सूचना पाकर जिला प्रशासन ने उन्हें होम क्वारेंटाइन में रहने को कहा है. साथ ही सांसद को सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करने का निर्देश दिया गया है. अब मेडिकल टीम ने सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिया है.
इसे भी पढ़ें – ग्लोबल इकोनोमी : दुनिया सोचे अब तक जो मॉडल था, वो क्यों कोरोना का सामना नहीं कर सका?
लंबी दूरी तय करने की वजह से रखा गया होम क्वारेंटाइन में
बताया जाता है लंबी दूरी तय करने वालों को क्वांरटाइन में रखकर उनका मेडिकल चेकअप कराया जा रहा है. लोकसभा का सत्र चलने के कारण सांसद दिल्ली में थे और इसी बीच ट्रेन सेवा रद्द हो गयी थी. पूरे देश में लॉकडाउन लग गया था.
इससे सांसद दिल्ली में ही फंस गये थे. निकट भविष्य में ट्रेन या हवाई मार्ग की सेवा बहाल होने की कोई संभावना नहीं देखते हुए और अपने स्वास्थ्य कारणों से सांसद पशुपति नाथ सिंह मजबूरन सड़क मार्ग से ही धनबाद पहुंच गये. बताया जाता है कि दिल्ली में अकेले रहने के कारण उनकी तबीयत नासाज होने लगी थी.
इसे भी पढ़ें – #Ranchi: रिम्स की दवाई दोस्त दुकान में औषधि विभाग की छापेमारी




