
Ranchi: सांसद संजय सेठ ने भरोसा जताया है कि केंद्र के सहयोग से महीने भर के भीतर रांची से वंदे भारत ट्रेन सेवा का परिचालन शुरू हो जाएगा. गुरुवार को नई दिल्ली में सांसद ने रेल अधिकारियों संग मुलाकात की. इसके बाद उन्होंने आस जताई कि एक महीने के अंदर रांची – हटिया से वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन शुरू होने से यहां के यात्री भी वंदे भारत एक्सप्रेस का आनंद ले सकेंगे. इसके साथ ही 4 महीने के अंदर दूसरी वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन रांची से ही आरंभ होगा. बैठक में सांसद ने अधिकारियों को यह प्रस्ताव दिया कि हटिया से पटना वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन अविलंब शुरू किया जाए. उन्होंने कहा कि इस ट्रेन का परिचालन पटना से हटिया के लिए सुबह में और हटिया से पटना के लिए शाम में तय किया जाए. पटना से हटिया प्रस्थान का समय सुबह के 6:55 बजे और हटिया से पटना के प्रस्थान (वाया बरकाकाना, हजारीबाग, कोडरमा) का समय शाम के 5:00 बजे निर्धारित करना उपयोगी होगा.
मुलाकात के बाद श्री सेठ ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन रांची से हो, इस दिशा में उनका प्रयास हमेशा से जारी था. 2021 में रेल मंत्री को पत्र लिखकर उन्होंने वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन हटिया से पटना और रांची से कोलकाता करने का आग्रह किया था. इसका सुखद परिणाम सामने आया है. सांसद ने बताया कि एक महीने के अंदर हटिया से पटना के लिए वंदे भारत एक्सप्रेस का परिचालन आरंभ हो जाएगा. रांची से कोलकाता वंदे भारत एक्सप्रेस 3 से 4 महीने के अंदर आरंभ होगा. सांसद ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होगा. इससे संबंधित प्रस्ताव भी प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया है. प्रधानमंत्री का झारखंड आगमन हम सब के लिए गौरव की बात होगी. वंदे भारत एक्सप्रेस के परिचालन के प्रस्ताव को मंजूरी देने के लिए सांसद ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति आभार भी जताया है.




