NEWS

बिहार में आज मंत्रियों के बीच बंटेंगे विभाग

नयी सरकार के कैबिनेट की पहली बैठक भी होगी

Patana: बिहार की नयी सरकार में मंत्रियों के विभागों का बंटवारा आज होगा . मंगलवार को ही बिहार की नयी सरकार के कैबिनेट की पहली बैठक भी होगी. सुबह 11 बजे मुख्य सचिवालय स्थित कैबिनेट कक्ष में होने वाली इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिये जायेंगे.

इसे भी पढ़ें:कहानियां झारखंड आंदोलन की-8 : जब राजेश पायलट को दिखाया काला झंडा

देर रात तक विभागों के बंटवारे को लेकर सहमति बन जाने के बाद कैबिनेट की बैठक के पहले इसकी अधिसूचना जारी कर दी जायेगी. मालूम हो कि शपथग्रहण के बाद सीएम नीतीश कुमार राजभवन गये, जहां अमित शाह व जेपी नड्डा भी मौजूद थे.

नीतीश ने लगातार चौथी बार ली सीएम पद की शपथ

बिहार की राजनीति में एक नया इतिहास रचते हुए नीतीश कुमार ने सोमवार को दो दशकों में सातवीं बार व लगातार चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. राजभवन के राजेंद्र मंडपम में राज्यपाल फागू चौहान ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी. मुख्यमंत्री के साथ 14 मंत्रियों ने भी शपथ ली. भाजपा कोटे से पहली बार दो उपमुख्यमंत्री बनाये गये हैं. कैबिनेट में भाजपा के सात, जदयू के पांच और वीआइपी व हम के एक-एक को शामिल किया गया है.

इसे भी पढ़ें:जनभावनाओं का सम्मान करते हुए छठ को लेकर जारी गाइडलाइन पर पुनर्विचार करे सरकार : यूथ कांग्रेस

नयी सरकार में एनडीए की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा भारी दिखी है. विधानसभा अध्यक्ष का पद भी भाजपा को मिला है. पार्टी के वरिष्ठ नेता और पटना साहिब के विधायक नंदकिशोर यादव को विधानसभा अध्यक्ष बनाया जायेगा. मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद 69 वर्षीय नीतीश कुमार ने मुख्य सचिवालय जाकर शासन-प्रशासन को लेकर कई निर्देश दिये.

एनडीए सरकार में पहली बार उपमुख्यमंत्री के रूप में सुशील कुमार मोदी नहीं दिखे. उनकी जगह भाजपा विधानमंडल दल के नेता तारकिशोर प्रसाद और पहली बार एक महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में रेणु देवी को भी शपथ दिलायी गयी है.

इसे भी पढ़ें:झामुमो विधायक ने कहा- आपदा प्रबंधन विभाग ही राज्य की सबसे बड़ी ‘आपदा’

सबसे लंबे समय तक सीएम रहने का रिकार्ड बनाने की ओर नीतीश

नीतीश कुमार राज्य के मुख्यमंत्री पद पर सर्वाधिक लंबे समय तक रहने वाले श्रीकृष्ण सिंह के रिकाॅर्ड को तोड़ने की ओर बढ़ रहे हैं. वे आजादी से पहले से लेकर 1961 में अपने निधन तक इस पद पर रहे थे. श्रीकृष्ण सिंह 5446 दिन सीएम रहे थे, जबकि नीतीश कुमार अब तक 5220 दिन मुख्यमंत्री रह चुके हैं. अगर 30 जून 2021 तक मुख्यमंत्री रह गये तो वह श्रीकृष्ण सिंह के सबसे अधिक समय तक सीएम रहने का रिकार्ड तोड़ देंगे.

इसे भी पढ़ें:कृषि बिल के विरोध में 26 नवंबर को गांवों को किया जायेगा बंद, 27 नवंबर को राजभवन मार्च

 

Related Articles

Back to top button