
New Delhi: महिला टी20 एशिया कप के फाइनल मुकाबले में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका को 8 विकेट से हरा दिया है. भारत ने 7वीं बार एशिया कप की ट्रॉफी अपने नाम की. दोनों टीमें पांच बार एशिया कप के फाइनल में भिड़ी हैं और हर बार भारत ने श्रीलंका को हराया है. भारत ने सबसे ज्यादा सात बार यह टूर्नामेंट जीता है, जबकि श्रीलंका की टीम पांचवीं बार फाइनल में हारी है. श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 66 रन का लक्ष्य रखा और टीम इंडिया ने 8.3 ओवर में दो विकेट खोकर 71 रन बनाए और मैच आठ विकेट से जीत लिया. स्मृति मंधाना ने छक्के के साथ मैच खत्म किया. उन्होंने 25 गेंदों में 51 रन की नाबाद पारी खेली. इस दौरान उनके बल्ले से छह चौके और तीन छक्के निकले. कप्तान हरमनप्रीत 14 गेंदों में 11 रन बनाकर नाबाद रहीं. श्रीलंका के लिए कविशा दिलहारी और रणवीरा ने एक-एक विकेट लिया. भारत के लिए रेणुका ठाकुर ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाये. वहीं गायकवाड़ और राणा ने भी 2-2 विकेट झटके. रेणुका ठाकुर को प्लेयर ऑफ द मैच और दीप्ति शर्मा को प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया.
इसे भी पढ़ें: Joe Biden On Pakistan: दुनिया के सबसे खतरनाक देश है पाकिस्तान


श्रीलंका की बल्लेबाजी फ्लॉप
पहले बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंका की टीम ने बेहद खराब प्रदर्शन किया. कप्तान चमारी आटापट्टू और विकेटकीपर अनुष्का संजीवनी की सलामी जोड़ी ने काफी धीमी शुरुआत की. तीसरे ओवर में आठ रन के स्कोर पर श्रीलंकाई टीम को पहला झटका लगा है. कप्तान चमारी अटापट्टू 12 गेंदों में छह रन बनाकर रन आउट हुईं. यहीं से श्रीलंका का पतन शुरू हो गया. नौ रन के स्कोर पर टीम का दूसरा विकेट गिरा. रेणुका सिंह ने माधवी को विकेटकीपर ऋचा घोष के हाथों कैच आउट कराया. उन्होंने पांच गेंद में एक रन बनाया. इसी स्कोर पर श्रीलंका का तीसरा विकेट गिरा. सलामी बल्लेबाज संजीवनी दो गेंदों में चार रन बनाकर रन आउट हुईं. अगली ही गेंद पर रेणुका ने हसिनी परेरा को स्मृति मंधाना के हाथों कैच कराया और श्रीलंका के चार विकेट गिर गए. पावरप्ले के अंदर श्रीलंका की आधी टीम पवेलियन लौट चुकी थी। रेणुका ने कविशा दिलहारी को क्लीन बोल्ड कर श्रीलंका को पांचवां झटका दिया. राजेश्वरी गायकवाड़ ने नीलाक्षी डी सिल्वा को बोल्ड करके भारत को छठी सफलता दिलाई. नीलाक्षी ने आठ गेंदों में छह रन बनाए. इस समय श्रीलंका का स्कोर 18 रन था. स्नेह राणा ने अपनी ही गेंद पर शेहानी का कैच पकड़ श्रीलंका को सातवां झटका दिया. इस समय श्रीलंका का स्कोर 25 रन था. अंत में पुछल्ले बल्लेबाजों ने बेहतर प्रदर्शन किया. रानासिंघे 20 गेंदों में 13 रन बनाकर राजेश्वरी गायकवाड़ का शिकार बनी. स्नेह राणा ने सुगंधिका कुमारी को बोल्ड कर श्रीलंका को नौवां झटका दिया. सुगंधिका ने 24 गेंदों में छह रन बनाए. हालांकि, आखिरी विकेट के लिए कुलसूर्या और रणवीरा ने 22 रन की साझेदारी कर अपनी टीम का स्कोर 66 रन तक पहुंचा दिया.




