
Ranchi : लोहरदगा जिला स्थित चट्टी से कुडु व कैरो नया टोली रोड के शेष कार्यो को पूर्ण करने के लिए अहमदाबाद की कंपनी दिनेशचंद्रा अग्रवाल इंफ्राकॉन ने फिर से प्रस्ताव दिया है. लोहरदगा पथ प्रमंडल ने इस कंपनी को ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दिया था, जिसके बाद कंपनी ने सड़क निर्माण को पूर्ण करने के लिए रिवाइज इस्टीमेट विभाग के पास भेजा है.
इंजीनियरों ने बताया कि प्रस्ताव की समीक्षा अधीक्षण अभियंता स्तर पर हो रही है, यह प्रयास हो रहा है कि अधूरे कार्य को कंपनी जल्द पूर्ण करें. बता दें कि, इसी कंपनी को नगर विकास विभाग के अंतर्गत जुड़को ने कांटाटोली फ्लाईओवर के निर्माण का जिम्मा दिया है. इस कंपनी ने रांची में कार्य भी प्रारंभ किया है. इसी बीच पथ निर्माण विभाग ने इस कंपनी को चेतावनी जारी किया था.
बता दें कि करीब 36 किमी लंबी इस रोड के निर्माण का कार्य 2016-17 में ही कंपनी को दिया गया था. कंपनी ने काम भी किया पर 92 फीसदी कार्य के बाद काम छोड़ दिया. कई बार पथ निर्माण विभाग ने कंपनी को कार्य प्रारंभ करने का अनुरोध किया पर हर बार आश्वासन देकर कार्य को टालता रहा. अब विभाग ने ब्लैकलिस्ट करने की चेतावनी दी है तो फिर कंपनी ने कार्य प्रारंभ करने का रिवाइज इस्टीमेट भेजा है.
इसे भी पढ़ें: अब रिम्स में ही बीमारी का इतिहास खंगालेंगे एक्सपर्ट, रिसर्च का बढ़ा दायरा




