
Jamshedpur/Patna: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाजपा से बागी होकर चुनाव लड़ रहे पूर्व मंत्री सरयू राय के लिए चुनाव प्रचार करेंगे. भाजपा के वरिष्ठ नेता और रघुवर दास सरकार में मंत्री रहे सरयू राय ने जमशेदपुर पूर्वी सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ने का फैसला किया है.
इसे भी पढ़ें – #Jamshedpur की 86 बस्तियों के मालिकाना हक व बंद होती टाटा कंपनियों पर रघुवर से मांगेंगे जवाब : अभय सिंह
नीतीश कुमार ने कहा है कि वह सरयू राय के लिए चुनाव प्रचार में हिस्सा लेंगे. सरयू राय की बिहार के सीएम और जदयू चीफ नीतीश कुमार से काफी नजदीकी रही है. दोनों पुराने साथी रहे हैं.
नीतीश कुमार जमशेदपुर में कम से कम तीन सभाएं करेंगे. उनके रोड शो करने की बात भी है. बिहार जदयू की बड़ी टीम जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में कैंप करेगी.
इसे भी पढ़ें – #JPSC : 14 साल बाद 19 नवंबर को होनी थी प्रथम सीमित उप समाहर्ता परीक्षा, आयोग ने किया रद्द
जदयू प्रत्याशी बैरंग लौटे
यही नहीं जदयू ने इस सीट से प्रत्याशी नहीं उतारने का फैसला किया है. माला पहन कर गाजे-बाजे के साथ नामांकन करने आये जदयू के दोनों प्रत्याशी उपायुक्त कार्यालय से लौट गये. इसका मतलब साफ है कि सरयू राय को जदयू का पूर्ण समर्थन मिल गया है.
जमशेदपुर पश्चिमी से जदयू के प्रत्याशी संजीव आचार्य व जमशेदपुर पूर्वी के प्रत्याशी संजय ठाकुर ने बताया कि उनका यह पहला चुनाव था, बहुत उत्साह था, लेकिन आलाकमान के कहने पर हम सरयू राय के लिए कुर्बानी देने को तैयार हो गये.
संजीव आचार्य ने कहा कि जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि आप दोनों उम्मीदवार ही नहीं, दोनों क्षेत्र के जदयू कार्यकर्ता सरयू राय के लिए काम करें.
इसे भी पढ़ें – #JNU ने उच्च न्यायालय का रुख किया, छात्रों और पुलिस पर अवमानना कार्रवाई की मांग



