
Bokaro: बोकारो जिला में कोरोना संक्रमण के चार नये मामले पॉजिटिव पाये गये हैं. जिले में कुल 5 लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है. जिनमें से चार की स्थिति नियंत्रण में है. साथ ही जमात से जुड़े लोगों से सामने आने और जांच में मदद करने की अपील की.
बोकारो जिला प्रशासन के मुताबिक, गोमिया के साड़म निवासी 75 वर्षीय एक शख्स की कोरोना से मौत हुई है. जिला प्रशासन के मुताबिक, बढ़ती उम्र के कारण पूर्व में इन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी, जिन्हें बोकारो जेनरल हॉस्पिटल में रखा गया था.
इनका सैंपल जांच के लिए भेजा गया था, जहां पॉजिटिव रिपोर्ट आया. रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद गांव का सर्वेक्षण किया जा रहा है. साथ ही उन लोगों की तलाश भी की जा रही है जो उनके संपर्क में आये हैं. इसके अलावा गांव को पूरी तरह सैनिटाइज किया जा रहा है.
जमात से जुड़े लोग जांच में करें मदद- प्रशासन
जिला प्रशासन ने अपील की है कि जो लोग तबलीगी जमात में शामिल होकर आये हैं या जो लोग उन्हें जानते हैं उनकी जानकारी प्रशासन को दें. इससे जिला प्रशासन को लोगों इस महामारी पर नियंत्रण पाने में आसानी होगी. साथ ही लोगों को ज्यादा-से-ज्यादा सुरक्षित किया जा सकेगा.
बता दें कि इलाके में मिला पहला कोरोना केस तबलीगी जमात से जुड़ा है. संक्रमित महिला दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज स्थित तबलीगी जमात कार्यक्रम में शामिल हुई थी. और उनके संपर्क में आने से बाकी लोगों में संक्रमण फैला.
जिला प्रशासन ने साथ ही आमजनों से अपील की है कि लॉकडाउन का सख्ती से पालन करें. अपने-अपने घरों में सुरक्षित रहें. पैनिक होने की आवश्यकता नही है. सोशल मीडिया पर अफवाह जैसी कोई पोस्ट न डालें अन्यथा कठोर कार्रवाई की जायेगी.




