
Bhubaneswar : ओडिशा ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है. ओडिशा के सीएम नवीन पटनायक ने केंद्र से 30 अप्रैल तक ट्रेन और हवाई सेवा शुरू नहीं करने का अनुरोध किया है. खबरों में बताया गया है कि राज्य में शैक्षणिक संस्थान 17 जून तक बंद रहेंगे.
बता दें कि ओडिशा में मंगलवार से कोरोना वायरस का कोई नया मामला नहीं आया है. लेकिन कुल मामलों की संख्या 42 तक पहुंच गयी है.
अधिकारियों ने बताया कि भुवनेश्वर में पांच क्षेत्रों को सील किया गया है जिनमें 7,992 मकान हैं. और इन क्षेत्रों को प्रसार नियंत्रण क्षेत्र घोषित किया गया है.
भुवनेश्वर नगर निगम (बीएमसी) ने कहा कि उसने कोरोना वायरस की स्थिति का पता लगाने के लिए लगभग 4,000 लोगों की निगरानी की और कुछ संदिग्ध लोगों के रक्त के नमूने जांच के लिए भेजे गए.
जिन क्षेत्रों को प्रसार नियंत्रण क्षेत्र घोषित किया गया है उनमें सूर्या नगर, आजाद नगर, बोमिखल, सत्य नगर और आईबी कॉलोनी शामिल हैं.
बुधवार की दोपहर 12 बजे तक 2441 नमूनों की जांच की गई जिनमें से 42 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाये गये थे. दो लोगों को स्वस्थ होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दी जा चुकी है जबकि एक मरीज की मौत हो चुकी है और 39 लोगों का अभी इलाज चल रहा है.
इसे भी पढ़ेंः विवाद : ट्रम्प ने फंड देने से किया इनकार, WHO ने वायरस संकट को लेकर वैश्विक एकता की अपील की




