Khas-KhabarLead NewsNationalNEWSTOP SLIDERTop Story

दानिश अली पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में बसपा से निलंबित, सांसद ने कहा- आधिकारिक सूचना नहीं

New Delhi: बसपा सांसद दानिश अली को पार्टी ने शनिवार को निलंबित कर दिया है. बीएसपी, उत्तर प्रेदश कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, दानिश अली को पार्टी विरोधी गतिविधियों की वजह से पार्टी से निलंबित कर दिया है. दानिश अली उत्तर प्रदेश के अमरोहा संसदीय क्षेत्र से बीएसपी सांसद हैं. इस संबंध में दानिश अली का कहना है कि उन्हें भी निलंबन का पत्र सोशल मीडिया पर दिखा है और उन्हें आधिकारिक रूप से अभी तक कोई सूचना नहीं है.

वहीं बसपा के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा की ओर जारी एक वक्तव्य में कहा गया है कि दानिश अली को इससे पहले भी कई बार पार्टी की ओर से चेतावनी जारी की गई थी. दानिश अली को संबोधित वक्तव्य के अनुसार, “मौखिक रूप से अनेकों बार कहा गया कि आप पार्टी की नीतियों, विचारधारा एवं अनुशासन के विरुद्ध जाकर कोई भी बयानबाज़ी व कृत्य न करें, लेकिन इसके बाद भी आप लगातार पार्टी के विरुद्ध जाकर काम करते रहे हैं.”

चर्चा में रहे हैं दानिश अली

पिछले कुछ महीनों से दानिश अली चर्चा में रहे हैं. नई संसद के उद्घाटन के लिए बुलाए गए विशेष सत्र में बीजेपी सांसद रमेश बिधुड़ी ने उनके ख़िलाफ़ अपमानजनक और सांप्रदायिक अपशब्द कहे थे. इसे लेकर काफ़ी विवाद हुआ था. तृणमूल कांग्रेस की सांसद रहीं महुआ मोइत्रा को ‘पैसे लेकर सवाल पूछने’ के मामले में गठित संसद की एथिक्स कमेटी की रिपोर्ट में भी दानिश अली को लेकर प्रतिकूल टिप्पणी की गई थी. महुआ मोइत्रा को शुक्रवार को इस मामले में संसद से निष्कासित कर दिया गया.

Related Articles

Back to top button