
Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से शिल्प कला एवं रचनात्मक सामग्रियों की प्रदर्शनी सह बिक्री कार्यक्रम का आयोजन होगा. 3-5 नवंबर को ऑड्रे हाउस, रांची में होने वाले इस कार्यक्रम में राज्य के 24 जिलों के सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे बच्चों द्वारा तैयार की गयी शिल्प कला एवं रचनात्मक सामग्रियों की प्रदर्शनी लगायी जानी है. साथ ही इस दौरान इसकी बिक्री का आयोजन भी होगा. कार्यक्रम में राज्य भर से 150 प्रतिभागी बच्चे भाग लेंगे. इस कलात्मक कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों के हुनर और कला को मंच देने का प्रयास किया गया है.
कार्यक्रम में अपनी कलात्मक सामग्रियों का प्रदर्शन करने के लिए बच्चे जुलाई महीने से ही तैयारी कर रहे हैं. बच्चों को सामग्री निर्माण के लिए सामग्री विभाग द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी. इस कार्यक्रम में बिकने वाली सामग्रियों का पैसा डीबीटी के माध्यम से बच्चे के खाते में सीधा भेजा जायगा जिससे बच्चों के अंदर व्यावसायिक हुनर भी विकसित होगा.
ऑनलाइन ट्रेडिंग सीखने का भी मौका
इसमें भाग लेने वाले हुनरमंद प्रतिभागियों को शिक्षा विभाग द्वारा ऑनलाइन ट्रेडिंग के स्किल भी सिखाये जाएंगे. इससे वे भविष्य में उत्पादों का ग्राहकों तक डिजिटल माध्यम का इस्तेमाल करते हुए व्यवसाय कर सकेंगे. कार्यक्रम के विजेता बच्चों को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पुरस्कृत करेंगे. साथ ही इस कार्यक्रम में शामिल हर प्रतिभागी बच्चो को सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा.



