
Ranchi : झारखंड में नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार उग्रवाद निरोधी अभियान चलाया जा रहा है. इस अभियान में कल पलामू पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि भाकपा के शीर्ष उग्रवादी नेता रिजनल कमांडर नितेश यादव उर्फ ईरफान उर्फ नंदू उर्फ किरानी, पिता- बोधा यादव, सा०- तरवाडीह, थाना- डुमरिया (मैग्रा), जिला- गया (बिहार) – ₹15 लाख इनामी, जोनल कमांडर संजय यादव उर्फ गोदराम उर्फ बुधराम जी, पिता- सरयू यादव, सा०- देवगन, थाना- छतरपुर, जिला- पलामू – ₹10 लाख इनामी, एरिया कमांडर इम्तियाज अंसारी उर्फ ठेगन मियां, पिता- स्व. पिर मोहम्मद मियां, सा०- भौरही, थाना- मोहम्मदगंज, जिला- पलामू, एरिया कमांडर तुलसी भुईया, पिता- स्व. रघुनंदन भुईया, सा०- भौरही, थाना- मोहम्मदगंज, जिला- पलामू,
ये सभी अपने दस्ते के साथ हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम नैया, केमो एवं प्रतापुर के जंगलों व पहाड़ियों में किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलने के बाद इलाके सर्च अभियान चलाया गया.
कल शाम को करीब 05:30 बजे सुरक्षाबलों ने नैया, केमो एवं प्रतापुर के जंगल में पहुंचकर जब आगे बढ़ना शुरू किया, तभी नक्सलियों ने पुलिस बल को देखते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. पुलिस द्वारा आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई. मुठभेड़ समाप्त होने के बाद सर्च ऑपरेशन में एरिया कमांडर तुलसी भुईंया का शव बरामद हुआ. पुलिस ने एक एसएलआर राइफल, भरी मैगजीन सहित, एक अतिरिक्त भरी मैगजीन एवं गोली, एक पिट्टू बैग बरामद किया गया.



