JharkhandRanchi

स्मार्ट सड़क निर्माण में उपयोग हो रहे मटेरियल की गुणवत्ता की मॉनिटरिंग करें अधिकारी : सीपी सिंह

Ranchi : राजधानी के एयरपोर्ट में निर्माणाधीन स्मार्ट रोड का निरीक्षण करने रविवार को पहुंचे नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण में जो भी मेटेरियल उपयोग हो रहा है, उसकी गुणवत्ता और कार्य की समयबद्ध मॉनिटरिंग अधिकारी करें.

निरीक्षण के दौरान जहां विभागीय मंत्री ने स्मार्ट रोड में हो रहे चिप्स, स्टील और अन्य मेटेरियल की जांच की, वहीं अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश भी दिये. निरीक्षण के दौरान जुडको के परियोजना निदेशक (तकनीकी) राजीव कुमार वासुदेवा, स्मार्ट सिटी कार्पोरेशन लिमिटेड के जीएम राकेश कुमार नंदक्योलियार, जुडको के जीएम अशोक प्रसाद सहित कई अधिकारी भी मौजूद थे.

इसे भी पढ़ें : इमरान खान अमेरिका पहुंचे, स्वागत के लिए कोई बड़ा अधिकारी नहीं आया

स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सरकार बना रही चार स्मार्ट सड़कें

बता दें कि राजधानी रांची में स्मार्ट सिटी मिशन के तहत सरकार चार सड़कों को स्मार्ट बनाने का काम रही है. इसमें एयरपोर्ट से बिरसा चौक, बिरसा चौक से राजभवन, राजभवन से बूटी मोड़ और राजभवन से सर्कुलर रोड होते हुए कांटा टोली तक की सड़कें शामिल हैं.

इन सड़कों के किनारे सिवरेज-ड्रेनेज, बिजली के तार, वाटर सप्लाइ, ऑप्टिकल फाइबर के लिए यूटिलिटी डक्ट का निर्माण हो रहा है. सारी सुविधायें अंडरग्राउंड होंगी. केवल स्ट्रीट लाइट के लिए लगे पोल ही बाहर दिखाई देंगे. सड़क के किनारे साइकिल लेन, फुटपाथ और जगह-जगह पर बस स्टॉप भी बनाये जायेंगे. सरकार को राजस्व की पूर्ति भी हो, इसके लिए यूटिलिटी डक्ट का इस्तेमाल टेलीकॉम कंपनियां भी अपने ऑप्टिकल फाइबर के लिए करेंगी.

इसे भी पढ़ें : पूर्व DGP डीके पांडेय की पत्नी के जमीन मामले की समीक्षा करेंगे आयुक्त

निरीक्षण के दौरान विभागीय मंत्री ने दिये निर्देश

• स्मार्ट रोड के निर्माण में केबल इत्यादि लगाने के दौरान सड़क को दोबारा काटा नहीं जाये. साथ ही यूटिलिटी डक्ट को भी दोबारा नहीं तोड़ा जाये.

• यूटिलिटी डक्ट के ऊपर ढलाई से पहले उसकी पूरी तरह से सफाई सुनिश्चित की जाय. वहीं ड्रेनेज में भी पानी के बहाव के लिए लेवल की जांच होने के बाद ही ऊपर से कवर की ढलाई हो.

• निर्माण काम में मुख्य मार्गों में हाई स्पीड ट्रैफिक में कोई परेशान पैदा नहीं हो. इसके लिए जगह-जगह बस स्टॉप बनाया जाय.

• सड़क के दोनों किनारे की तरफ साइकिल लेन की व्यवस्था सुनिश्चित हो, जो कि पहले से इस योजना में शामिल है.

• स्मार्ट रोड निर्माण बाद अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि सड़क पर अस्त-व्यस्त तरीके से बिजली का तार नहीं लटकते दिखे.

• सड़कों के किनारे पहले से लगे पेड़ को सुरक्षित रखते हुए स्मार्ट रोड निर्माण का काम किया जाये. वहीं निर्माण के बाद दोनों तरफ पौधारोपण भी हो, ताकि फुटपाथ और साइकिल लेन में चलने वाले लोगों को छाया भी मिले और पर्यावरण भी सुरक्षित रहे.

• विभाग यह कोशिश करें कि जिन इलाकों में सड़क के किनारे पहले से नाला बना है उसके साथ छेड़छाड़ ना करना पड़े.

जमीन की नहीं है समस्या, काम जारी

स्मार्ट सड़क बनाने में जमीन के सवाल पर जुडको के अधिकारियों ने विभागीय मंत्री को बताया कि एयरपोर्ट से बिरसा चौक तक बनने वाले सड़क में एयरपोर्ट की तरफ जमीन की कोई समस्या नहीं हैं. इस कारण यहां काम तेजी से चल रहा है.

वहीं दूसरी तरफ सेना की जमीन है जिसको लेकर सेना से बातचीत चल रही है. फिलहाल उस साइड काम को रोक कर रखा गया है. साथ ही बिरसा चौक से राजभवन तक जाने वाले स्मार्ट रोड नंबर 2 में भी कार्य प्रगति पर है. जल्द ही इसे हरमू नदी तक पूरा किया जायेगा. हालांकि उसके आगे फ्लाईओवर निर्माण होना है, जिससे वहां काम शूरू करने में थोड़ा विलंब होगा.

इसे भी पढ़ें : माइनर इरिगेशन डिपार्टमेंट के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर 20 हजार घूस लेते गिरफ्तार

Related Articles

Back to top button