
Patna: प्रदेश के पुलिस थानों में जल्द ही बड़ी संख्या में महिला थानेदारों की तैनाती की जाएगी. गृह विभाग के निर्देश के बाद पुलिस मुख्यालय ने इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस मुख्यालय से थाना प्रभारी एवं जिलों में पदस्थापन की अहर्ता प्राप्त कुल पुलिस पदाधिकारियों की जानकारी मांगी है. इसमें थाना प्रभारी के पद के लिए पुरुष एवं महिला पुलिसकर्मियों का वर्गीकरण कर अलग-अलग सूची मांगी गई है.
इसके अलावा गृह विभाग ने सभी जिलों में कुल पुलिस बल के विरुद्ध थाने में पदस्थापित महिला थाना प्रभारी व महिला कांस्टेबल की संख्या भी मांगी है. पुरुष बलों की अपेक्षा जिलों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों का प्रतिशत भी अंकित करने को कहा गया है. इसके आधार पर कंप्यूटराइज्ड डाटाबेस तैयार करने को कहा गया है.
इसे भी पढ़ें : सरायकेला-कांड्रा रोड पर हाइवा और ऑटो की टक्कर में दो की मौत, आधा दर्जन से अधिक लोग घायल
महिला पुलिस कर्मियों की होगी जिम्मेवारी
बिहार के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क भी बनाने की प्रक्रिया जारी है. इसकी जिम्मेवारी पूरी तरह महिला पुलिसकर्मियों के ही हाथों में होगी. गृह विभाग ने समीक्षा बैठक के दौरान महिला हेल्प डेस्क के निर्माण की अपडेट रिपोर्ट भी मांगी है. महिला हेल्प डेस्क से संबंधित मानक तैयार कर सभी थानों में आवश्यकतानुसार फर्नीचर व अन्य संसाधन उपलब्ध कराने को भी कहा गया है. इसके लिए राशि के आवंटन की मांग करने का निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें : JSCC सूची से हिंदी, भोजपुरी जैसी भाषाओं को हटाये जाने के खिलाफ PIL के लिए एकता मंच मांग रहा सहयोग
गौरतलब है कि बिहार पुलिस में फिलहाल 25 फीसद से अधिक महिला पुलिसकर्मी हैं, जो देश में सर्वाधिक हैं. पिछले दिनों बिहार पुलिस को 1586 नए दारोगा मिले हैं. इसमें भी एक तिहाई से अधिक यानी 596 महिला दारोगा हैं. इन पुलिसकर्मियों को भी अलग-अलग जिलों के साथ पुलिस की विभिन्न इकाइयों में तैनात करने की प्रक्रिया जारी है. इसके अलावा कुछ माह पूर्व केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के द्वारा 11,838 नए कांस्टेबल मिले हैं. इसमें भी करीब 43 फीसद महिलाएं हैं.
इसे भी पढ़ें :BIG NEWS : US ऱाष्ट्रपति बाइडेन की चेतावनी, 36 घंटे में KABUL AIRPORT पर हो सकता है आतंकी हमला




