
Patna: बिहार के बोधगया में एक कोरोना संदिग्ध वाहन चालक की मौत हो गयी. बताया जाता है कि पांच दिन पहले उसमें कोरोना संक्रमण के लक्षण पाये गये.
उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां स्थिति बिगड़ने पर उसे शनिवार की रात 11:25 बजे मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया.
वहां देर रात उसकी मौत हो गयी. बताया जा रहा है कि कोरोना के लक्षण पाये जाने के बाद भी निजी अस्पताल ने उसकी जांच की पहल नहीं की.
इसे भी पढ़ें : #Corona: झारखंड भी 31 मार्च तक लॉकडाउन, आवश्यक सेवाएं जारी रहेंगी
बिहार में 31 मार्च तक लॉकडाउन
कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने के लिए बिहार सरकार ने राज्य में लॉकडाउन की घोषणा की है. मुख्यमंत्री कर्यालय से जारी आदेश में कहा गया है कि राज्य में 31 मार्च तक लॉकडाउन होगा.
लॉकडाउन के दौरान जरूरी सेवाएं जारी रहेंगी और आवश्यक वस्तुओं की बिक्री चलती रहेगी.
बता दें कि रविवार दिन में ही कोरोना वायरस के संक्रमण के चलते बिहार में भी एक व्यक्ति की मौत की खबर आयी थी.
इसे भी पढ़ें : #Covid_19india: RIMS में ओपीडी सेवा अगले आदेश तक स्थगित
बिहार में कोरोना वायरस के 2 मामले
बिहार में कोरोनावायरस से दो लोगों को संक्रमित पाया गया है, जिसमें से एक मरीज की मौत हो गयी है, जबकि दूसरे को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है.
बिहार के स्वास्थ्य विभाग के सचिव संजय कुमार ने रविवार को बताया, ‘बिहार में कोरोना संक्रमित एक व्यक्ति की मौत हो गयी है, जबकि दूसरा मरीज पटना का ही रहने वाला है, जिसे एक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है.’
यह कोरोनावायरस संक्रमित किसी मरीज की बिहार में पहली मौत है. एक अधिकारी ने बताया कि मुंगेर के रहने वाले सैफ अली (38) को किडनी की गंभीर बीमारी के कारण पटना एम्स में 20 मार्च को भर्ती कराया गया था.
बाद में इसकी पहचान संदिग्ध कोरोना मरीज के रूप में की गयी थी और उसका नमूना पटना के राजेंद्र मेमोरियल रिसर्च इंस्टीच्यूट (आरएमआरआइ) में भेजा गया था.
इसे भी पढ़ें : कुल्लू-मनाली से लौटे बीएड कॉलेज के 50 स्टूडेंट्स कोरोना की जांच कराने पहुंचे रिम्स, निगेटिव पाये गये




