
Ranchi : रांची सांसद संजय सेठ ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के बारे में कांग्रेस नेता उदित राज के बयान पर आपत्ति जतायी है. गुरुवार को उन्होंने कहा कि उदित ने द्रौपदी मुर्मू जैसा राष्ट्रपति किसी देश को ना मिले, ऐसा बयान देकर अपना ही नहीं, कांग्रेस का चरित्र भी उजागर किया है. कांग्रेस हमेशा से महिलाओं और आदिवासियों का अपमान करती रही है. महात्मा गांधी ने जिस गुजरात से दांडी यात्रा की शुरुआत की थी, यह बयान उस गांधीजी का भी अपमान है. आखिर कांग्रेस कब तक आदिवासियों और महिलाओं को अपमानित करती रहेगी. उदित राज को एक बार राष्ट्रपति की जीवनी पढ़नी चाहिए. राज्यपाल रहते हुए उन्होंने दो कमरों के घर में अपना गुजारा किया. कड़ी मेहनत और संघर्षपूर्ण जीवन के पथ पर चल कर आज वह देश के उच्च पद पर स्थापित हुई हैं. कांग्रेस को यह बात पच नहीं रही है कि भाजपा ने ऐसे आदिवासी महिला को देश के सर्वोच्च पद पर बैठाया. उदित के बयान के लिए कांग्रेस को माफी मांगनी चाहिए.
इससे पूर्व उन्होंने सांसद मद से पहाड़ी मंदिर के समीप चंद्रवंशी धर्मशाला के नए भवन कार्य का शिलान्यास किया. भवन का निर्माण 15 लाख की लागत से किया जाना है. इस अवसर पर सांसद ने कहा कि चंद्रवंशी समाज के कार्य सराहनीय हैं. समाज के लोगों को कम शुल्क पर शादी ब्याह में भवन मुहैया कराया जाता है. समाज के गरीब और असहाय लोगों की मदद करता है. इस भवन कें निर्माण हो जाने से समाज को और अधिक लाभ मिलेगा. इस अवसर पर रांची के विधायक सीपी सिंह, पार्षद ओम प्रकाश सहित अन्य भी उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – कैबिनेट की बैठक 10 को, कई प्रस्तावों पर लगेगी मुहर



