
Ranchi: कोल इंडिया के नए चेयरमैन पीएम प्रसाद ने शनिवार को पदभार ग्रहण किया. श्री प्रसाद कोल इंडिया के 29वें चेयरमैन बनाए गए हैं. नए चेयरमैन के रूप में उन्होंने कोलकाता स्थित कोल इंडिया के मुख्यालय में पदभार ग्रहण किया.कोल इंडिया के 28वें चेयरमैन प्रमोद अग्रवाल 30 जून को सेवानिवृत्त हो गए हैं. अग्रवाल के पहले इस पद पर अनिल कुमार झा रहे थे, जो 2020 जनवरी में सेवानिवृत्त हुए थे. मालूम हो कि तीन मई को पीएम प्रसाद का चयन नए चेयरमैन के लिए पीइएसबी ने किया था. प्रसाद ने एक सितंबर 2020 को सीसीएल सीएमडी का पदभार संभाला था. इससे पूर्व बीसीसीएल के सीएमडी पद पर कार्यरत रहे हैं.
इसे भी पढ़ें: शहर से सटे नेवरी व कांड्रा ग्राम का डेवलपमेंट प्लान के लिए चयन, BIT MESRA को मिला जिम्मा
पीएम प्रसाद का सफरनामा
पीएम प्रसाद वर्ष 1984 में ओस्मानिया विश्वविद्यालय से बीई़ (खनन) में स्नातक करने के बाद अगस्त 1984 में कोल इंडिया लिमिटेड में नियुक्त हुए थे. प्रशिक्षु अधिकारी से महाप्रबंधक तक के विभिन्न पदों पर डब्ल्यूसीएल और एमसीएल में रहे. वर्ष 1991 में इंडियन स्कूल ऑफ माईस धनबाद से ओपन कास्ट माइनिंग में एमटेक किया. और 1988 डीजीएमएस की ओर से आयोजित फर्स्ट क्लास माइंस मैनेजर सर्टिफिकेट प्राप्त किया. वहीं, साल 1997 में नागपुर विश्वविद्यालय से लॉ में स्नातक की डिग्री भी की.
मार्च 2012 से लिंगराज क्षेत्र, एमसीएल के महाप्रबंधक के रूप में प्रसाद ने कनिहा ओपनकास्ट कोयला परियोजना की शुरूआत की. मई 2015 में एनटीपीसी में कार्यकारी निदेशक (कोयला खनन ) नियुक्त हुए. मार्च 2016 में एनटीपीसी हजारीबाग, झारखंड के परियोजना के कार्यकारी निदेशक सह प्रमुख के रूप में कार्यभार संभाला. फरवरी 2018 से जुलाई 2019 तक एनसीएल के निदेशक तकनीकी रहे. दो अगस्त 2019 को बीसीसीएल के सीमएडी बनने से पहले डब्लयूसीएल और बीसीसीएल के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया.
पहले चेयरमैन थे डॉ रामनाथ शर्मा
इंदिरा गांधी के प्रधानमंत्री रहते कोयला खदानों का राष्ट्रीयकरण शुरू हुआ. वर्ष 1971 और 1973 में खदानों को सरकार ने अपने अधीन लेना शुरू किया था. 1975 में कोल इंडिया की नींव रखी गयी और कोल इंडिया लिमिटेड के पहले चेयरमैन डॉ रामनाथ शर्मा थे. इससे पहले वह बीसीसीएल, सीसीएल और सीएमपीडीआई के सीइओ रहे थे. वह एडमिनिस्ट्रेटिव स्टाफ कॉलेज, हैदराबाद के फैकल्टी मेंबर रह चुके थे. आइआइएम कोलकाता और आइएसएम धनबाद की गवर्निंग बॉडी के मेंबर भी रहे. डॉ शर्मा ने इसी वर्ष अप्रैल में अपना 99वां जन्मदिन मनाया.
तीन आईएएस ने भी संभाला है पद
कोल इंडिया चेयरमैन का पद अभी तक तीन आईएएस अधिकारी संभाल चुके हैं. इसमें एस भट्टाचार्य, नरसिंहा राव और प्रमोद अग्रवाल शामिल है. बिहार से चार अधिकारी कोल इंडिया के चेयरमैन रहे है. इसमें एसके चौधरी, शशि कुमार, एनसी झा व गोपाल सिंह (प्रभारी चैयरमैन) शामिल है. झारखंड के एकमात्र अनिल कुमार झा (गोड्डा) कोल इंडिया के चेयरमैन बने थे. इसके अलावा पार्थसारथी भट्टाचार्य, पीके सेन गुप्ता, एमपी नारायण, एमएस गुजराल कुमार मंगलम भी कोल इंडिया के चेयरमैन बने हैं.
नौ माह अतिरिक्त प्रभार में रहा चेयरमैन का पद
अगस्त 2017 में एस भट्टाचार्य कोल इंडिया चेयरमैन पद से सेवानिवृत्त हुए और एक सितंबर 2017 को सीसीएल सीएमडी गोपाल सिंह को कोल इंडिया चेयरमैन का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था. 20 अप्रैल 2018 को कैबिनेट अपॉइंटमेंट कमेटी ने गोपाल सिंह की जगह अपर कोयला सचिव सुरेश कुमार को अतिरिक्त प्रभार देने की सिफारिश की. 24 अप्रैल 2018 को सुरेश कुमार ने यह पद ग्रहण किया, इसके बाद 18 मई 2018 को एमसीएल के सीएमडी रहे अनिल कुमार झा के नाम की अनुशंसा कोल इंडिया चेयरमैन के रूप में की गयी थी. श्री झा के रूप में नौ माह के बाद कोल इंडिया को स्थायी चेयरमैन मिला था. 19 मई 2018 को श्री झा ने पदभार संभाला था.




