NEWS

भाजपा पर फिर बरसे सीएम हेमंत सोरेन,कहा- सरकार गिराने का लगातार प्रयास कर रही है भाजपा

बड़े भाई दुर्गा सोरेन को पिता शिबू सोरेन के साथ मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दी श्रद्धांजलि

Ranchi: झारखंड मुक्ति मोर्चा के दिवंगत नेता  व पूर्व विधायक दुर्गा सोरेन की 54वीं जयंती राजधानी रांची में मनायी गई. इसे लेकर लोआडीह स्थित दुर्गा सोरेन चौक पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. जिसमें पिता शिबू सोरेन, दिवंगत दुर्गा सोरेन की पत्नी सीता सोरेन, राज्यसभा सांसद महुआ माजी समेत पार्टी के नेता व कार्यकर्ताओं के साथ सीएम हेमंत सोरेन भी शामिल हुए. इस मौके पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने पिता व पार्टी सुप्रीमो और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन संग अपने दिवंगत भाई दुर्गा सोरेन की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया. मौके पर अपने मुख्यमंत्री सोरेन ने भाजपा पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि भाजपा येन-केन प्रकारेण सरकार को गिराने का षड्यंत्र रच रही है. हर तरह के हथकंडे अपना रही है. उन्होंने कहा कि मेरी बात छोड़िये, 80-84 साल के दिशोम गुरु शिबू सोरेन को भी फंसाने की कोशिशें हो रही हैं. मौके पर दिशोम गुरु शिबू सोरेन ने भी अपने विचार प्रकट किये.

इसे भी पढ़े: कैश बरामदगी मामले की सीबीआई जांच को लेकर हाई कोर्ट में पीआईएल दायर

कार्यक्रम में जेएमएम नेताओं का हुआ जुटान
कार्यक्रम में मुख्य रूप से झारखण्ड सरकार के शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो, विधायक सीता सोरेन, राज्यसभा सांसद डॉ महुआ माजी, झारखण्ड सरकार में राज्य समन्वय समिति के सदस्य सह झामुमो के पूर्व केन्द्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय, सुप्रियो भट्टाचार्य, अभिषेक प्रसाद पिन्टु, सुनिल श्रीवास्तव, झामुमो रांची जिलाध्यक्ष मुशताक आलम, केन्द्रीय सदस्य समनुर मंसुरी, सुशीला एक्का, बसंत लोंगा, अफरोज अन्सारी , जिला सचिव डॉ हेमलाल कुमार मेहता हेमू, जिला उपाध्यक्ष अश्विनी शर्मा, बीरू साहु, जनक नायक, कलाम आजाद, रामानन्द बेदिया, मुन्ना बडाईक, जिला संगठन सचिव लाल जय कुमार नाथ शाहदेव, प्रदीप भोगता, आदिल इमाम, जयवंत तिग्गा, संयुक्त सचिव विजय आनंद नायक, सुजीत उपाध्याय समेत काफी संख्या में नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे.

कौन थे दुर्गा सोरेन
झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन के सबसे बड़े पुत्र दुर्गा सोरेन दुमका जिला के जामा विधानसभा इलाके से दो बार विधायक चुने गए थे. 1995 और 2000 में वहां से चुनकर वो विधानसभा पहुंचे थे, जबकि 2005 में उन्हें बीजेपी के सुनील सोरेन ने हरा दिया था. दुर्गा सोरेन ने गोड्डा संसदीय क्षेत्र से लोकसभा चुनाव भी लड़ा था. लेकिन बीजेपी के उम्मीदवार और वहां के मौजूदा सांसद निशिकांत दुबे से उन्हें शिकस्त मिली थी. 21 मई 2009 को 40 वर्ष की अवस्था में उनकी मौत कथित तौर पर ब्रेन हेमरेज से हो गई थी. उनकी पत्नी सीता सोरेन फिलहाल जामा विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं.

दुर्गा सोरेन चौक का हो रहा है सुंदरीकरण
रांची के लोआडीह स्थित दुर्गा सोरेन चौक के सुंदरीकरण की तैयारी रांची नगर निगम द्वारा की जा रही है. इस चौक को भव्य, आकर्षक बनाने का प्रयास किया जा रहा है. निगम इस काम पर एक करोड़ रुपये से भी अधिक (एक करोड़ 7 लाख 4 हजार 153 रुपये) खर्च किए जाने की उम्मीद कर रहा है. इसके लिए दूसरी बार टेंडर जारी कर दिया है. टेंडर लेने वाले को 270 दिनों में निर्धारित काम को पूरा करना होगा. यहां बता दें कि पिछले साल दुर्गा सोरेन की 53वीं जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री की ओर से घोषणा की गयी थी कि 6 महीने के अंदर दुर्गा सोरेन चौक का सुंदरीकरण किया जाएगा.

Related Articles

Back to top button