
Giridih: गिरिडीह के तिसरी थाना क्षेत्र के सिंघो गांव में कार की चपेट में आने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गयी. घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने वाहन चालक को जिंदा जलाने का प्रयास किया. स्थानीय पुलिस की तत्परता से चालक कौशिक चंदर को बचा लिया गया. चालक गंभीर रूप से झुलस गया है.
घटना गुरुवार दोपहर की बतायी जा रही है. मृतक सौरभ कुमार जिले के गांवा थाना के सीरी गांव निवासी बबलू यादव का बेटा बताया जा रहा है. वह अपने माता-पिता के साथ कुछ दिन पहले अपने नाना के घर सिंघो गांव आया हुआ था.
सड़क हादसे में बच्चे की मौत के बाद ग्रामीणों ने जिस चालक कौशिक चंदर को जिंदा जलाने का प्रयास किया वह पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिला के रहने वाला है. वह अपनी पत्नी संगीता चंदर के साथ बिहार के बिहार शरीफ ड्यूटी के लिए जा रहे थे,
बर्धमान से बिहार शरीफ जाने के क्रम में वे जब तिसरी के सिंघो गांव के समीप पहुंचे तो उस वक्त बबलू यादव का 10 वर्षीय बेटा सौरभ कुमार रोड के किनारे खेल रहा था. वह स्विफ्ट डिजायर की चपेट में आ गया. इससे बच्चे की मौत मौके पर हो गयी.
घटना के बाद ग्रामीण घटनास्थल की दौड़े. आक्रोशित ग्रामीणों ने पति-पत्नी के वाहन को घेर लिया. इस दौरान ग्रामीणों ने कौशिक की पत्नी संगीता चंदर को पहले से गाड़ी से निकाला और कौशिक को अपने कब्जे में लेते हुए उस पर केरोसिन तेल छिड़क कर आग लगा दी.
इस बीच जानकारी मिलने के साथ तिसरी थाना प्रभारी भी पुलिस जवानों के साथ घटनास्थल पहुंचे और किसी प्रकार आग में लिपटे कौशिक को अपने कब्जे में लेने के साथ उसके शरीर में लगी आग को बुझाया.
गंभीर रूप से झुलसे कौशिक को पुलिस ने पहले तिसरी के सामुदायिक स्वास्थ केन्द्र में इलाज कराया. वहां से बेहतर इलाज के लिए कौशिक को सदर अस्पताल भेज दिया गया.




