
Ranchi/Palamu : पलामू स्थित मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए विभिन्न विभागों में जूनियर रेजिडेंट की नियुक्ति होगी. इसके लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है. मेडिकल कॉलेज की ओर से इस संबंध में सूचना जारी कर दी गई है. इसके मुताबिक जूनियर रेजिडेंट के रिक्त पदों पर संविदा के आधार पर नियुक्ति की जानी है. 20 पदों के लिए होने वाली यह नियुक्ति एक साल के लिए होनी है. 12 अक्टूबर को इसके लिए वॉक इन इंटरव्यू में कैंडिडेट शामिल हो सकते हैं. इस इंटरव्यू में कैंडिडेट जरूरी डाक्यूमेंट्स की मूल प्रति और छाया प्रति के साथ शामिल होंगे.
इन विभागों में हैं इतने पद
मेडिकल कॉलेज के मुताबिक 8 विभागों में 20 पदों ( जूनियर रेजिडेंट) पर नियुक्ति की जानी है. इनमें सर्जरी विभाग में 5, एनेस्थेसिया में 4, स्त्री एवं प्रसुति में 3, हड्डी, मानसिक और शिशु रोग विभाग में 2-2-2, टीबी एवं चेस्ट विभाग के अलावा शारीरिक चिकित्सा एवं पुनर्वास विभाग में 1-1 पद शामिल हैं. एमबीबीएस की पढाई और इंटर्नशिप पूरा कर चुके कैंडिडेट इनमें शामिल हो सकते हैं. अधिकतम 40 वर्ष की आयु सीमा के कैंडिडेट इस इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं. इंटरव्यू मेदिनी राय मेडिकल कॉलेज, पलामू में अवस्थित अधीक्षक कार्यालय प्रकोष्ठ (गोलघर) में 12 अक्टूबर को 12 बजे दोपहर से शुरू हो जाएगा.




