
Ranchi: दामोदर घाटी निगम तीन ब्राउनफील्ड बिजली संयंत्र स्थापित करेगी. इसके लिये केंद्र सरकार ने मंजूरी दे दी है. बिजली संयंत्र स्थापित करने में कुल 60 हजार करोड़ रूपये डीवीसी निवेश करेगी. आने वाले तीन सालों में तीन ब्राउनफील्ड बिजली संयंत्र के जरिये 8 हजार मेगावाट बिजली संयंत्र स्थापित करने का लक्ष्य है. यह जानकारी डीवीसी के चेयरमैन रामनरेश सिंह ने दी.
इसे भी पढ़ें: जेट के आदेश के खिलाफ खंडपीठ में अपील के बिंदु पर हाईकोर्ट की पूर्ण पीठ में आंशिक सुनवाई, 21 जून को अगली सुनवाई
इन परियोजनाओं के अलावा, डीवीसी एक और ब्राउनफील्ड परियोजना के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी मांग रहा है. इसके अलावा, डीवीसी 2,500 मेगावाट का उत्पादन करने के लिए लुग्गु, गोमिया, बोकारो और पंचेत (पश्चिम बंगाल) में दो पनबिजली पंप भंडारण और बैटरी बिजली संयंत्रों की स्थापना पर काम कर रहा हैं. साथ ही, डीवीसी ने परिचालन क्षेत्रों के भीतर 2,000 मेगावाट फ्लोटिंग ग्राउंड- माउंटेड सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किया है.
7000 मेगावाट का लक्ष्य पूरा
राम नरेश सिंह ने बताया कि डीवीसी वर्तमान में 7,000 मेगावाट बिजली के अपने उत्पादन के लक्ष्य को पूरा कर रहा है. डीवीसी न केवल दिल्ली, झारखंड, पंजाब, हरियाणा, पश्चिम बंगाल और गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों को बल्कि बांग्लादेश को भी बिजली की आपूर्ति कर रहा हैं. ब्राउनफील्ड थर्मल पावर प्लांट कोडरमा, रघुनाथपुर और दुर्गापुर में स्थित होंगे. सिंह ने बताया कि डीवीसी अपना नया ताप विद्युत संयंत्र किसी नए स्थान पर स्थापित नहीं करेगा. नई सुविधाएं मौजूदा डीवीसी बिजली संयंत्रों की सीमाओं के भीतर स्थित होंगी. जहां पहले से ही कोयला, पानी और रेल लाइन बुनियादी ढांचा है. डीवीसी देश की कुल बिजली मांग का लगभग 4 फीसदी योगदान देता है. कंपनी का लक्ष्य देश में अन्य बिजली इकाइयों की तुलना में कम कीमतों के साथ प्रतिस्पर्धी दरों पर बिजली प्रदान करना है.




