
Chakradharpur : चक्रधरपुर में स्थित जर्जर रेलवे क्वार्टरों की मरम्मत को लेकर डीआरएम विजय कुमार साहू के निर्देश पर इंजीनियरिंग विभाग ने एक अभियान चलाकर क्वार्टरों को दुरुस्त करना शुरू कर दिया है. एसएसई वर्क्स ईस्ट सीकेपी द्वारा इस अभियान की शुरुआत आईओडब्ल्यू डीएस राउत के नेतृत्व में लोको कॉलोनी से की गई. अभियान के तहत इंजीनियरिंग विभाग के रेल कर्मचारी रेलवे कोलोनी में डोर टू डोर मरम्मत की सामग्री व औजार लेकर पेट्रोलिंग कर रहे हैं.
मंगलवार-बुधवार को मिलाकर 111 क्वार्टरों की जांच व मरम्मत किया जा चुका है. इस क्वार्टर मरम्मत पेट्रोलिंग अभियान टीम में मेसन मिस्त्री, कारपेंटर, वेल्डर, पेन्टर समेत तमाम मरम्मत करने वाले कारीगर मौजूद हैं. जहां जो भी मरम्मत करनी है जैसी दीवार, फर्श, खिड़की, दरवाजे या छत उसे ऑन स्पॉट मरम्मत कर दुरुस्त किया जा रहा है. एक ट्रक में सारे संसाधन और औजार के साथ रेल कर्मी पेट्रोलिंग कर क्वार्टरों की मरम्मत करने में जुटे हैं. रेलकर्मी जर्जर टूटे-फूटे और दरार पड़ चुके क्वार्टरों में रहने को मजबूर थे. अब क्वार्टरों की मरम्मत से रेल कर्मी और उनके परिजनों में खुशी है.
आईओडब्ल्यू डीएस राउत ने बताया कि मुख्य रूप से टाइप टू और टाइप थ्री क्वार्टर ज्यादा मरम्मत किये जा रहे हैं. उनके अधीन इस तरह के तकरीबन 765 रेलवे क्वार्टर हैं. सभी रेलवे क्वार्टरों की जांच कर उसके मरम्मत का प्रयास डीआरएम के आदेश व इंजीनियरिंग विभाग के दिशा निर्देश पर किया जा रहा है. इसके लिए उन्होंने अभियान के रूप में क्वार्टर मरम्मत पेट्रोलिंग शुरू की है. आईओडब्ल्यू डीएस राउत ने बताया कि साप्ताहिक रूप से यह अभियान तब तक चलाया जायेगा जब तक 765 क्वार्टर पूरी तरह मरम्मत नहीं किये जाते.




