
Jamshedpur: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा आयोजित होने वाले जेईई मेन के पहले सत्र की परीक्षा के लिए 31 मार्च तक आवेदन करने हैं. जमशेदपुर के लगभग 15 हजार स्टूडेन्ट्स इस परीक्षा में शामिल होते हैं. देश भर के एनआईटी में दाखिला के लिए होने वाली कम्प्यूटर आधारित इस परीक्षा के दो पेपर होंगे.
एनटीए की ओर से जारी नोटिस में बताया गया है कि बीई और बीटेक (इंजीनियरिंग) कोर्स में दाखिला के लिए होने वाली पेपर वन और टू की परीक्षा 16 से लेकर 21 अप्रैल के बीच होगी. पेपर वन में फिजिक्स, केमिस्ट्री और मैथ से 30-30 सावल होंगे जबकि बैचलर ऑफ ऑर्किटेक्चर (बी ऑर्क) की परीक्षा में मैथ के 30, एप्टीट्यूट टेस्ट के 50 और ड्राइंग के दो सवाल होंगे. पेपर टू में ही बी प्लानिंग की परीक्षा में मैथ के 30, एप्टीट्यूट के 50 और प्लानिंग से 25 सवाल पूछे जाएंगे. हर रोज परीक्षा दो शिफ्ट में होगी. पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से 12 बजे और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से 6 बजे के बीच होगी.
31 मार्च तक करना है आवेदन
आवेदकों को 31 मार्च तक ऑनलाइन फॉर्म भरना है. ऑनलाइन फीस का भुगतान 31 मार्च को सुबह साढ़े ग्यारह बजे तक करना है. कोई स्टूडेन्ट्स बीटेक के साथ ही बीआर्क या बी प्लानिंग की परीक्षा में भी शामिल हो सकता है.
दूसरा सत्र मई में होगा
जेईई मेन का दूसरा सत्र मई में होगा. यह परीक्षा 24 से 29 मई के बीच होगी. दोनों में से जिस सेशन में बेहतर स्कोर होगा, वह उम्मीदवार का अंतिम स्कोर माना जाएगा और उसके आधार पर उसकी रैंकिंग तय होगी. इस रैंक के आधार पर जमशेदपुर समेत देश भर के 30 से ज्यादा एनआईटीज में विद्यार्थियों का दाखिला होगा.
जेईई मेन के स्कोर के आधार पर एडवांस के लिए क्वालिफाई करेंगे स्टूडेन्ट्स
जेईई मेन के स्कोर के आधार पर स्टूडेन्ट्स जेईई एडवांस परीक्षा के लिए क्वालिफाई करेंगे. लगभग सवा दो लाख स्टूडेन्ट्स एडवांस परीक्षा में बैठते हैं जिसमें से 30 हजार विद्यार्थियों को जेईई एडवांस में रैकिंग दी जाती है, जिसके आधार पर देश भर के आईआईटी में दाखिला होता है. दस हजार से नीचे रैंक वाले ही आईआईटी में दाखिला ले पाते हैं.
जमशेदपुर का सबसे क्रेजी एक्जाम
इंजीनियरिंग सिटी होने के चलते जमशेदपुर में जेईई मेन परीक्षा को लेकर गजब का क्रेज देखा जाता है. इस परीक्षा में 15 हजार से ज्यादा स्टूडेन्ट्स शामिल होते हैं, जिसमें से लगभग एक हजार स्टूडेन्ट्स जेईई एडवांस के लिए क्वालिफाई करते हैं.
ये भी पढ़ें-Bollywood New Couples: बॉलीवुड की ये सात नई जोड़ी परदे पर जादू बिखेरती नजर आयेगी, बताएं आपका पसंदीदा कौन




