
Nawada: जिले के पकरीबरावां-वारिसलीगंज पथ पर चलती एक कार में अचानक आग लग गयी और देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में सड़क पर ही कार जलकर खाक हो गयी. कार में चालक के साथ कुछ और लोग सवार थे सभी लोगों ने सही समय पर कार से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली.
बताया जाता है कि पटना के गुलजारबाग से दिलीप कुमार अपने मामा, नानी एवं एक मित्र के साथ कार से कौवाकोल के सीतुआ पर जा रहे थे. वे अपने बीमार मामा पिंटू चौधरी का इलाज कराने जा रहे थे.
इसी बीच चातर मोड़ के पास अचानक कार से धुआं निकलने लगा. कार रोककर जब बाहर झांका तो इंजन में आग लग चुकी थी. आनन -फानन में सभी कार से बाहर निकले.
देखते ही देखते आग ने भयावह रुप धारण कर लिया. आसपास आग बुझाने का कोई साधन नहीं होने के कारण लोग सिर्फ देखते ही रह गये. इस दौरान कार धू-धू कर जलने लगी. घटना की सूचना पर वारिसलीगंज से मानस कुमार के नेतृत्व में अग्निशमन की टीम पहुंची, लेकिन तब तक सबकुछ राख हो गया. पकरीबरावां पुलिस मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें:बिहार विधानसभा में मेडिकल की पढ़ाई की मोटी फीस को लेकर विपक्षी पार्टियों ने किया हंगामा




