JharkhandRanchi

राज्यभर में चला मतदाता सूची में नाम जांचने का अभियान

Ranchi: मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने #IamVerifiedVoter अभियान का शुभारंभ राजधानी के एक स्कूल में सोमवार को कार्यक्रम के दौरान किया. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी मतदाताओं को मतदाता सूची में नाम जांचने के लिए जागरूक करना है. इसके तहत सभी जिलों के बूथों पर बीएलओ द्वारा मतदाता सूची प्रदर्शित किया जा रहा है. साथ ही मतदाताओं को बताया जा रहा है कि वे वोटर हेल्पलाईन ऐप, मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय झारखण्ड की वेबसाईट एवं भारत निर्वाचन आयोग के वोटर पोर्टल पर जाकर भी अपना नाम देखकर सत्यापित कर सकते हैं.

रांची में अभियान के शुभारंभ के अवसर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदान करना हम सबका अधिकार और कर्तव्य है. मतदाता वोटर आईडी की अनुपलब्धता में 12 अन्य वैकल्पिक दस्तावेज दिखाकर भी वोट कर सकते है. किंतु जो सबसे जरूरी अनिवार्यता है, वह है मतदाता सूची में नाम होना.  अगर वोटर लिस्ट में किसी का नाम नहीं है तो वह मत देने के अधिकार से वंचित हो जाता है. उन्होंने कहा कि अभी भी समय है, लोग अपना नाम वोटर लिस्ट में चेक कर लें, अगर किसी प्रकार की त्रुटि या विसंगति है तो उसे दूर करवा लें ताकि मतदान के दिन कोई दिक्कत नहीं हो.

सभी जिलों में चलाया गया सोशल मीडिया अभियान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के आदेश के आलोक में राज्य के सभी जिलों में सोशल मीडिया  अभियान चलाया गया, जिसमें हजारों मतदाताओं ने अपना नाम मतदाता सूची में देखकर सोशल मीडिया हैंडल पर इस बात की सूचना पोस्ट की कि उन्होंने अपने नाम का सत्यापन कर लिया है.

मुख्यालय से पदाधिकारियों को अभियान के निरीक्षण हेतु भेजा गया था जिलों में

रांची में मुख्य कार्यक्रम के अलावा जिलों में भी इस अभियान की देखरेख के लिए यहां से अधिकारियों को भेजा गया था. कोल्हान क्षेत्र में निरीक्षण हेतु संयुक्त मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुबोध कुमार, पलामू क्षेत्र के लिए उप निर्वाचन पदाधिकारी मुख्यालय श्री संजय कुमार, खूंटी के लिए ओएसडी श्रीमती गीता चौबे, कोडरमा के लिए अवर निर्वाचन पदाधिकारी श्री सुनील कुमार सिंह, संथाल क्षेत्र के लिए श्री एस एन जमील को जिम्मेदारी दी गयी थी.

रांची के कार्यक्रम में प्रशासक रांची नगर निगम श्री अमित कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री उत्कर्ष कुमार, अवर सचिव श्री देव दास दत्ता, उपसमाहर्ता भूमि सुधार श्री मुकेश कुमार,जिला उप निर्वाचन पदाधिकारी श्री बिवेक कुमार सुमन सहित राँची जिला के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे.

Related Articles

Back to top button